न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती शंकराचार्य कैमूर पहुँचे और कहा कि गौ रक्षा = देश रक्षा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में यह मुद्दा हर सीट पर प्रमुख रहेगा।
भभुआ के लिच्छवी भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने जनता को संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत नवलखा मंदिर से हुई और एकता चौक होते हुए लिच्छवी भवन तक रोड़ शो निकाला गया।
अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बताया कि उनकी पार्टी निर्दलीय रूप से 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उनका मुख्य चुनावी संदेश यही है कि लोग गौ माता की रक्षा करने वाले प्रत्याशी को वोट दें। उन्होंने कहा कि देश में गौ हत्या बढ़ती जा रही है और कई लोग इसे व्यवसाय बना चुके हैं, जबकि सरकार की मिलीभगत से प्रतिदिन गौ हत्या होती है।
उन्होंने कांग्रेस और भाजपा दोनों पर निशाना साधा, कहा कि दोनों सरकारें गौ हत्या रोकने में विफल रही हैं। कांग्रेस ने संतों को आश्वासन दिया था कि गौ हत्या नहीं होगी, पर कुछ नहीं किया। भाजपा की सरकार ने रोकने का आश्वासन दिया था, लेकिन गौ हत्या में खुद शामिल हो गई। इसलिए किसी भी पार्टी पर भरोसा नहीं रहा।
अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने यह भी कहा कि जो भी व्यक्ति गौ हत्या नहीं करेगा, चाहे वह किसी भी धर्म या समुदाय से हो, उसे उनकी पार्टी में शामिल किया जाएगा। उनका उद्देश्य देश को गौ हत्या मुक्त बनाना है।