प्रचार वाहन पर हमला: असामाजिक तत्वों ने फेंके पत्थर, शीशा टूटा, दूसरे वाहन के बैनर भी फाड़े

प्रदीप विद्रोही, भागलपुर

भागलपुर जिले के गोराडीह प्रखंड के खुटाहा गांव में आज दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब जनता दल (यूनाइटेड) के प्रचार वाहन पर कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने अचानक पत्थरबाजी कर दी। मालूम हो कि यह गांव कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस घटना में वाहन का शीशा टूट गया और मौके पर अफरातफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस महकमे में खलबली मच गई। जेडीयू प्रत्याशी शुभानंद मुकेश ने बताया कि उनकी सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस ने चिंता जाहिर की है और सुरक्षा बढ़ाने का आश्वासन दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, जदयू के जिला महासचिव ओमप्रकाश अमर अपने सहयोगियों के साथ प्रचार अभियान के तहत गांव-गांव घूम रहे थे। दोपहर लगभग दो बजे वे वनगांव खुटा क्षेत्र में जदयू के ‘प्रचार वाहन’ के माध्यम से पार्टी का संदेश जनता तक पहुंचा रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवकों ने वाहन के पीछे से पत्थर फेंक दिए, जिससे वाहन का पिछला शीशा चकनाचूर हो गया। वहीं, एक अन्य वाहन में लगे बैनर को भी फाड़ दिया गया।

घटना के समय मौजूद ओमप्रकाश अमर ने बताया कि हम लोग शांतिपूर्ण तरीके से प्रचार कर रहे थे। अचानक कुछ असामाजिक तत्वों ने हमारी गाड़ी पर पत्थरबाजी कर दी। हम लोग किसी को पहचान नहीं पाए। यह पूरी तरह से लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है।

उन्होंने आगे कहा कि घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस प्रशासन को दे दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। घटना के दौरान जदयू नेता अशोक कुमार सिद्ध (पिता स्व. सहदेव प्रसाद, ग्राम नदियात्रा, थाना गोराडीह) तथा सहयोगी विश्वास मांझी भी मौजूद थे। सभी लोग बाल-बाल बच गए।

इस मामले में ओमप्रकाश अमर ने थानाध्यक्ष गोराडीह को लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, प्रचार वाहन पर हमले के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया था। हालांकि, पुलिस प्रशासन के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई।