आत्मा शासी परिषद की बैठक में कृषि उद्यमिता, प्रशिक्षण और GI उत्पादों के प्रसंस्करण पर जोर

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
जिले में कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आत्मा शासी परिषद की समीक्षा बैठक गुरुवार को जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कृषि विकास से जुड़े विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने भाग लिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त भागलपुर, कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. ममता कुमारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक, सहायक निदेशक उद्यान के प्रतिनिधि, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक तथा अग्रणी बैंक प्रबंधक (यूको बैंक) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आत्मा भागलपुर के उप परियोजना निदेशक प्रभात कुमार सिंह ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत कृषि एवं संबद्ध विभागों द्वारा संचालित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने किसान प्रशिक्षण, परिभ्रमण, किसान पाठशाला, किसान गोष्ठी एवं किसान चौपाल जैसे कार्यक्रमों की प्रगति और उपलब्धियों से परिषद को अवगत कराया। साथ ही शेष कार्यक्रमों के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना का भी विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया।
जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जिले के जीआई टैग प्राप्त जर्दालू आम, कतरनी धान सहित केला, मखाना, फूलों की खेती, बेबी कॉर्न एवं स्वीट कॉर्न जैसी फसलों के लिए उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि इन उत्पादों के प्रसंस्करण, पैकेजिंग एवं मार्केटिंग के लिए कृषि उद्यमियों को प्रशिक्षित किया जाए, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके।
बैठक में आत्मा भागलपुर द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में संपादित कार्यक्रमों की सराहना करते हुए परिषद द्वारा उन्हें अनुमोदन प्रदान किया गया। वहीं उप विकास आयुक्त भागलपुर ने रेशम उत्पादन से जुड़े किसानों को विशेष प्रशिक्षण दिलाने का निर्देश दिया और प्रस्तावित सभी कार्यक्रमों को स्वीकृति प्रदान की।