आस्था का कमाल: मदरौनी की बेटी ने राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में चमकाया नाम

न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
जिले के रंगरा प्रखंड अंतर्गत मदरौनी गांव निवासी पूर्व सैनिक कंचन सिंह की पुत्री कुमारी आस्था ने 5 से 7 दिसंबर तक बेंगलुरु में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम शतरंज प्रतियोगिता 2025 में हिस्सा लेकर जिले का नाम रौशन किया है।
दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित पी.एम. केंद्रीय विद्यालय की बारहवीं की छात्रा आस्था ने अपने स्कूल और केंद्रीय विद्यालय संगठन दिल्ली रीजन का प्रतिनिधित्व किया।
आस्था इससे पहले दिल्ली रीजनल शतरंज प्रतियोगिता में 2023 और 2024 में सिल्वर मेडल, जबकि 2025 में गोल्ड मेडल जीत चुकी है। इसके आधार पर वह 15 से 19 सितंबर 2025 तक आयोजित राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में भी भाग ले चुकी है।
शून्य रेटिंग से शुरुआत करने के बावजूद आस्था ने रेटेड खिलाड़ियों को जोरदार चुनौती देते हुए चौथा स्थान हासिल किया, जिसके आधार पर उनका चयन 69वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम शतरंज प्रतियोगिता के लिए हुआ। यह उपलब्धि उनके संघर्ष और प्रतिभा का प्रमाण है।
आस्था के पिता कंचन कुमार, जो भारतीय थल सेना की ईएमई कोर से सेवानिवृत्त हैं और उनकी मां साक्षी ने खुशी जताते हुए कहा कि बचपन में भाई आर्यन के साथ शतरंज खेलते-खेलते ही उनकी रुचि बढ़ी। स्व-प्रेरणा और लगातार मेहनत के दम पर आज आस्था विद्यालय, केवी संगठन और अपने गांव का मान बढ़ा रही है।
गांव मदरौनी में भी खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अब सभी को इस बात की उम्मीद है कि आस्था इस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत कर जिले का नाम देशभर में चमकाएगी।
आस्था के चचेरे भाई एवं भाजपा नेता डॉ. रोशन सिंह ने बताया कि कोशी कटाव से पूर्व उनके घर पर ग्रामीण पूरे दिन शतरंज खेला करते थे। वह तो टाइम पास था, लेकिन घर में शतरंज का माहौल हमेशा रहा है। आज आस्था उसी माहौल से प्रेरित होकर परिवार, गांव और जिले का नाम ऊंचा कर रही है।