खेल अनुशासन, आत्मविश्वास व नेतृत्व क्षमता को करता है मजबूत : मुख्य पार्षद राघवेंद्र

  • एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देश पर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आउटडोर स्टेडियम में हुई प्रतियोगिता

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देश पर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा रविवार को जिला मुख्यालय स्थित आउटडोर स्टेडियम में अस्मिता खेलो इंडिया एथलेटिक्स लीग 2025 का आयोजन किया गया। बालिकाओं को एथलेटिक्स के क्षेत्र में बेहतर मंच उपलब्ध कराने और खेल के प्रति बढ़ते रुझान को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित इस एक दिवसीय प्रतियोगिता ने जिले में एक नई पहचान बनाई। प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर परिषद के मुख्य पार्षद सह जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राघवेन्द्र झा राघव ने झंडोतोलन तथा मशाल प्रज्वलित कर किया। इसके बाद प्रतिभागी बालिकाओं ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, जिसने पूरे वातावरण को ऊर्जावान और उत्साहपूर्ण बना दिया। उद्घाटन के दौरान बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और जिले के विभिन्न खेल संगठनों से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे. प्रतियोगिता में अंडर 14 और अंडर 16 आयु वर्ग की करीब 200 बालिकाओं ने भाग लिया, जो जिले में खेल के प्रति बढ़ती रुचि का प्रमाण है। मैदान में हर इवेंट के दौरान बालिकाओं की प्रतिभा और जोश देखते बनता था। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर रामरतन सिंह भी पूरे समय मौजूद रहे, जिन्होंने प्रतियोगिता के संचालन, नियमों के अनुपालन और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की निगरानी की. प्रतियोगिता के दौरान जिले के कई खेल प्रेमी और अधिकारी उपस्थित रहे। इसमें डॉ. विजय शंकर चौधरी डॉ. शांति भूषण, जयकृष्ण झा, डॉ. विश्वनाथ सराफ , धनंजय कुमार मिश्र, अशोक कुमार यादव, अभय शंकर झा, चंद्रशिखा प्रसाद सिंह, दीपिका चंद्रा, विश्व विजय, नयन नाथ झा, दिनेश कुमार, रंजीत कुमार, शेख अब्दुल्ला, शोएब अख्तर, जय शंकर प्रसाद, मो. जुब्राईल, राजेश कुमार, मंटू कुमार, जयशंकर प्रसाद आदि शामिल हैं।
खेल अनुशासन, आत्मविश्वास व नेतृत्व क्षमता को करता है मजबूत : मुख्य पार्षद
मुख्य पार्षद राघवेन्द्र झा राघव ने बालिकाओं की सराहना करते हुए कहा कि एथलेटिक्स जैसे खेल ना केवल शारीरिक फिटनेस बढ़ाता है बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करता है. उन्होंने कहा कि सुपौल की बेटियां प्रतिभा में किसी से कम नहीं हैं. जिला स्तर पर बालिकाओं की बढ़ती भागीदारी बताती है कि आने वाले समय में अंशु की तरह और भी बेटियां राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपने कौशल का परचम लहराने में सक्षम होंगी. नगर परिषद और जिला प्रशासन खेलों के प्रोत्साहन के लिए सदैव तत्पर है.

जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव सर्वेश कुमार झा ने बताया कि जिले में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर सिर्फ बालिकाओं के लिए एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है. यह पहल बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने तथा उनकी प्रतिभा को पहचान देने का एक सशक्त माध्यम है. कहा कि इस प्रतियोगिता से प्रतिभाशाली खिलाड़ी चिन्हित होंगी, जिन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एसोसिएशन द्वारा निरंतर प्रयास किया जाएगा।