बंदूक की नोंक पर मवेशी व्यापारी से 25 लाख की लूट, इलाके में दहशत

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

सदर थाना क्षेत्र के हुसैन चौक लिंक रोड, वार्ड 22 में बुधवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार बदमाशों ने बंदूक की नोंक पर मवेशी व्यापारियों से 25 लाख रुपये लूट लिए। घटना सुबह करीब 6 बजकर 45 मिनट की बताई जा रही है।
पीड़ित मवेशी व्यापारी नवाब और शहजाद उर्फ मुन्ना मधेपुरा के सिंहेश्वर मवेशी हाट में खरीद–बिक्री के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और हथियार दिखाकर रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित व्यापारी सदर थाना क्षेत्र के हुसैन चौक, वार्ड 18 स्थित मो. शहजाद के मकान में किराए पर रहते हैं। दोनों व्यापारी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिला के भोपा थाना क्षेत्र के जोली गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पीड़ितों के अनुसार पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से सुपौल में रहकर सहरसा, मधेपुरा और सुपौल के विभिन्न मवेशी हाटों में मवेशियों की खरीद–बिक्री का काम कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस पीड़ित व्यापारियों को साथ लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में भय का माहौल है, वहीं पुलिस ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। एसडीपीओ एस अनुभवी ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।