- स्नान करने के क्रम में तीन किशोर की पोखर में डूबने से हुई मौत, एसएसबी ने निकाला शव
न्यूज स्कैन ब्यूरो,अररिया
जिले के जोगबनी नेताजी चौक स्थित बड़ा शिवालय पोखर में स्नान करने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। घटना शनिवार दोपहर करीबन दो बजे की है। तीनों किशोर पास के ही वार्ड 8 छोटी मस्जिद के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान 17 वर्षीय राजा खान पिता आशिक खान, 16 वर्षीय साहिल पिता असलम और 17 वर्षीय अरसलान पिता मो. करीम के रूप में हुई है।
तीनों किशोर दोपहर में गर्मी से निजात को लेकर स्नान के लिए पोखर गए थे। उनके साथ 16 वर्षीय अरबाज पिता नन्हे भी था। नहाने के दौरान तीनों किशोर गहरे पानी में चले गए। अरबाज ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका। शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी देर तक खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद एसएसबी को सूचना दी गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद एसएसबी के गोताखोरों ने तीनों के शव पोखर से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए नेपाल के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों युवक को मृत घोषित कर दिया।
पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग
घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पूरा इलाका परिजनों के चीत्कार से गूंज उठा। मौके पर फारबिसगंज एसडीएम रंजीत कुमार रंजन, बीडीओ संजय कुमार, सीओ ललन ठाकुर, बीपीआरओ शशि रंजन, कार्यपालक पदाधिकारी मीनाक्षी कुमारी, मुनिलाल यादव, नप कर्मी परवेज आलम और संजीत शर्मा पहुंचे। घटना के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इससे लोगों में आक्रोश देखा गया। मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक जाकिर हुसैन खान, राजू राय, बबलू अनवर, अंजार अहमद,दिलीप पटेल,अनवर राज, रियाजउद्दीन सहित कई लोगों ने पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है।
































