न्यूज स्कैन ब्यूरो, अररिया
भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अररिया जिले के नरपतगंज अंचल अंतर्गत फरही पंचायत में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी इमरोज़ आलम को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा-7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
SVU से मिली जानकारी के अनुसार, निगरानी थाना कांड संख्या 03/2026, दिनांक 20.01.2026 को प्राथमिकी दर्ज होने के बाद वरीय पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की रकम स्वीकार करते समय पकड़ लिया।
बताया गया कि शिकायतकर्ता कमलेश्वरी यादव, पिता–तारणी यादव, ग्राम–रामघाट कोशाकापुर, थाना–नरपतगंज, जिला–अररिया ने विशेष निगरानी इकाई, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि राजस्व कर्मचारी इमरोज़ आलम द्वारा दाखिल–खारिज के बाद ऑनलाइन अभिलेख में नाम व रकबा सुधार करने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
SVU द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने स्पष्ट रूप से कहा था कि जब तक रिश्वत की रकम नहीं दी जाएगी, तब तक ऑनलाइन सुधार नहीं किया जाएगा। इसके बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई, जिसके उपरांत आगे की कानूनी कार्रवाई और विस्तृत अनुसंधान जारी है। SVU अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
15 हजार की रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार,अररिया में SVU की बड़ी कार्रवाई, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

































