ज्योति कला संगम महाविद्यालय में वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव 2025 का भव्य सम्मान समारोह संपन्न

न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर

ज्योति कला संगम महाविद्यालय के तत्वावधान में वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव 2025 के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन महाशय ड्योढ़ी, चंपानगर में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उद्घाटन समारोह में राजीवकांत मिश्रा, जिला परिषद अध्यक्ष विपिन मंडल, अंकित रंजन, डॉ. श्रीकांत मंडल तथा अपर्णा कुमारी ने संयुक्त रूप से सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के विषय प्रवेश में संस्थान के संस्थापक प्राचार्य चंचल कुमार सिंह ने महाविद्यालय की 1992 से अब तक की यात्रा को रेखांकित करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों से शुरू हुआ यह संस्थान आज कला के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। उन्होंने बताया कि यहां से प्रशिक्षित अनेक छात्र-छात्राएं आज विभिन्न शिक्षण संस्थानों में शिक्षक के रूप में तथा प्रशासनिक स्तर पर सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे कला के माध्यम से समाज के लिए आदर्श प्रस्तुत करें और अपनी रचनात्मकता से सामाजिक चेतना को आगे बढ़ाएं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के उन सफल पूर्व छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जो राज्य के विभिन्न विद्यालयों में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं अथवा प्रशासनिक पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। लगभग 90 सफल छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर ‘कला सम्मान’ से अलंकृत किया गया।
सम्मान समारोह के साथ-साथ आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत, लोक संगीत, लोक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियों के साथ प्रसिद्ध व्यंग्यकार शरद जोशी की चर्चित कहानी “सरकार का जादू” का प्रभावशाली मंचन किया गया। इस नाट्य प्रस्तुति का निर्देशन एवं मुख्य अभिनय कपिल देव रंग ने किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में भागलपुर के सांसद एवं भागलपुर नगर के विधायक सहित कला गुरु शंकर मिश्रा नाहर, नृत्य गुरु मिथिलेश कुमार, देवाशीष बनर्जी, तरुण घोष, दीपक कुमार, सुनील कुमार रंग सहित बड़ी संख्या में कला प्रेमी, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।