न्यूज स्कैन ब्यूरो,(परबत्ता) खगड़िया
स्वतंत्रता दिवस के पूर्व परबत्ता प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय विठला में “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत एक जागरूकता रैली निकाली गई। जिसमें 66 मीटर लंबा तिरंगा को लेकर विठला से लेकर मड़ैया तक रैली में भाग लिया। इस रैली में विद्यालय के सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और आम लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाना था।रैली की शुरुआत विद्यालय परिसर से की गई, जहाँ प्रधानाध्यापक व शिक्षकों ने छात्रों को तिरंगा झंडा सौंपा और राष्ट्रगान के साथ उन्हें रवाना किया। बच्चे हाथों में तिरंगा लिए, देशभक्ति नारों के साथ गांव की गलियों से होते हुए पूरे इलाके में भ्रमण किए। “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” जैसे नारों से वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।

प्रधानाध्यापक आशुतोष कुमार एवं सहायक शिक्षक मोहम्मद रियाजुद्दीन ने बताया कि यह अभियान छात्रों में देशप्रेम की भावना को प्रबल करने के साथ-साथ हर घर पर तिरंगा फहराने के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से चलाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं।स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना की और बच्चों के जोश को देखकर गर्व महसूस किया। विद्यालय द्वारा आयोजित यह रैली निश्चित रूप से क्षेत्र में राष्ट्रीय भावना को और प्रगाढ़ करने का कार्य करेगी।