अमरपुर से मारपीट का आरोपी गिरफ्तार,भेजा गया जेल

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, बिहपुर

थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव में हुए मारपीट एवं जानलेवा हमला मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त शिवम् सनगही उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला कांड संख्या 372/23 के तहत दर्ज है। पीड़ित पक्ष ने आरोपी पर गंभीर मारपीट और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।
बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर आरोपी की तलाश में जुटी थी। दबिश के क्रम में आरोपी को अमरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और तलाशी में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती गई। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद उसे विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया गया।
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी जांच जारी है। यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।