न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
सदर प्रखंड के प्रसिद्ध हरदी दुर्गा स्थान में तीन दिवसीय लोरिक महोत्सव की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। 9, 10 एवं 11 दिसंबर को तीन दिवसीय लोरिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। अनुमंडल पदाधिकारी सदर इंद्रवीर कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव गुप्ता के द्वारा लोरिक महोत्सव के आयोजन स्थल का भ्रमण किया गया। भ्रमण के क्रम में भीड़ प्रबंधन, यातायात एवं विधि व्यवस्था के संबंध में आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया गया तथा वहां उपस्थित सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों को यातायात व भीड़ प्रबंधन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा कुश्ती के आयोजन स्थल का भी निरीक्षण किया गया एवं वहां पर दर्शकों के संभावित भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग, ड्रॉप गेट, इत्यादि के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के द्वारा वहां उपस्थित हरदी पुलिस पिकेट के प्रभारी पुलिस पदाधिकारी को यातायात एवं विधि व्यवस्था के संबंध में आवश्यक तैयारी किए जाने हेतु चिन्हित जगह पर ड्रॉप गेट एवं बैरिकेडिंग करवा लेने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि आयोजन स्थल एवं मेला क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ होने के कारण वहां पर वाहनों के आवाजाही को डाइवर्ट किया जा रहा है। अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि लोरिक महोत्सव के अवसर पर नामचीन कलाकारों की प्रस्तुति होना है एवं सभी लोग ज्यादा से ज्यादा संख्या में उपस्थित होकर इस कार्यक्रम का आनंद लेते हुए कार्यक्रम को सफल बनाएं। वहाँ उपस्थित सभी ग्रामीणों से अनुरोध किया गया कि यह बहुत ही महत्वपूर्ण महोत्सव है एवं सभी लोग इस कार्यक्रम के सफलता हेतु यातायात एवं भीड़ प्रबंधन में प्रशासन के द्वारा किए जा रहे सभी व्यवस्थाओं का पालन करें ताकि स्थानीय लोग बिना किसी बाधा व परेशानी के लोरिक महोत्सव के कार्यक्रमों का आनंद ले सके।
































