- बीजेपी इस्तेमाली पार्टी है, पहले इस्तेमाल करती है फिर बर्बाद करती है
न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
बिहार विधानसभा चुनाव के माहौल में अब बाहरी राज्यों के नेता भी प्रचार अभियान में उतर चुके हैं। कैमूर जिले के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सोमवार की शाम समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक चुनावी सभा को संबोधित किया। यह सभा राजद प्रत्याशी अजीत सिंह के समर्थन में आयोजित की गई थी।
सभा में अखिलेश यादव ने केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “इस बार बिहार की जनता नई सरकार बनाने जा रही है और यह सरकार नौजवान मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बनेगी।”
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा, “अब मुख्यमंत्री के प्रत्याशी रोड शो में भी नजर नहीं आ रहे हैं। उन्हें पता चल गया है कि वह अब मुख्यमंत्री नहीं बनने वाले हैं, इसलिए वह दूसरों के गले में पहले ही माला डाल दे रहे हैं।”
बीजेपी पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी एक इस्तेमाली पार्टी है — पहले इस्तेमाल करती है, फिर बर्बाद कर देती है।” उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी के लोग अब चुनाव से पहले अकाउंट में पैसे भेजने की बात कर रहे हैं, जबकि 30 साल की सरकार में उन्होंने कुछ नहीं किया।
अखिलेश ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, “अमेरिका के राष्ट्रपति भारत को समय-समय पर धमका रहे हैं, टैरिफ लगा रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार चुप है। भाजपा वाले जो बंडल इकट्ठा कर रहे हैं, वे देश को गिरवी रख रहे हैं।”
युवा मतदाताओं को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख ने कहा, “यह चुनाव नया बिहार बनाने का है, नौकरी की बहार आने वाली है। इस बार नौजवानों का पलायन नहीं होगा, बल्कि बीजेपी का पलायन होगा।”
सभा स्थल पर भारी भीड़ जुटी और उपस्थित जनसमूह ने अखिलेश के बयानों पर उत्साहपूर्वक प्रतिक्रिया दी। रामगढ़ में यह सभा राजद के लिए ऊर्जा बढ़ाने वाली साबित हुई।
































