AIMIM प्रत्याशी द्वारा मंच से पैसा बांटने का वीडियो वायरल — आदर्श आचार संहिता उल्लंघन पर प्राथमिकी दर्ज

न्यूज स्कैन ब्यूरो, किशनगंज

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के निमित्त सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें AIMIM पार्टी के प्रत्याशी द्वारा चुनावी मंच से पैसे बांटे जाने का दृश्य प्रदर्शित हो रहा है। यह कृत्य न केवल आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है, बल्कि इससे निर्वाचन प्रक्रिया की सुचिता, निष्पक्षता एवं जिले के चुनावी माहौल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना भी प्रकट होती है।
उक्त के आलोक में 52-बहादुरगंज विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी बहादुरगंज द्वारा मामले की गहनता से जांच कराते हुए विधि-सम्मत कार्रवाई हेतु नजदीकी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

यह मामला केस नं. 426/25, दिनांक 02.11.2025 के रूप में दर्ज किया गया है, जो भारतीय न्याय संहिता की धारा 173, 174 एवं 223 के तहत संज्ञानित किया गया है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज ने स्पष्ट किया है कि जिला प्रशासन स्वच्छ ,निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में निर्वाचन संपन्न कराने के लिए ज़िला प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रत्याशी या व्यक्ति द्वारा आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की स्थिति में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।