शाहकुंड स्थित ओबीसी कन्या आवासीय विद्यालय में नामांकन प्रक्रिया शुरू, 10 जनवरी से ऑनलाइन आवेदन

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, बिहार सरकार के अधीन संचालित अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय, शाहकुंड (भागलपुर) में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस विद्यालय में पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग की छात्राओं को निःशुल्क शिक्षा के साथ आवासन की सुविधा प्रदान की जाती है।
विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कक्षा 6 और कक्षा 8 में रिक्त सीटों के विरुद्ध नामांकन किया जाएगा। कक्षा 6 में कुल 40 सीटें जबकि कक्षा 8 में 2 सीटें उपलब्ध हैं। नामांकन के लिए छात्राओं का चयन वस्तुनिष्ठ परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा।
चयन परीक्षा दो घंटे की होगी, जिसमें कुल 100 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न पत्र में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान से 20-20 अंकों के प्रश्न शामिल होंगे।
पात्रता शर्तें
आवेदिका के माता-पिता अथवा अभिभावक की वार्षिक आय अधिकतम 3 लाख रुपये होनी चाहिए। आयु सीमा 1 अप्रैल 2026 को कक्षा 6 के लिए 10 से 13 वर्ष तथा कक्षा 8 के लिए 12 से 15 वर्ष निर्धारित की गई है।
महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 10 जनवरी 2026 से 9 फरवरी 2026 तक चलेगी। प्रवेश पत्र 15 फरवरी से 22 फरवरी 2026 के बीच डाउनलोड किए जा सकेंगे। चयन परीक्षा 1 मार्च 2026 (रविवार) को आयोजित होगी। परीक्षा परिणाम 13 मार्च 2026 को प्रकाशित किया जाएगा। चयनित छात्राओं का नामांकन 16 मार्च से 23 मार्च 2026 तक होगा, जबकि कक्षाएं 1 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होंगी।
आवेदन प्रक्रिया
इच्छुक छात्राएं विभाग की आधिकारिक वेबसाइट bcebconline.bihar.gov.in के माध्यम से पूरी तरह ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर संबंधित जिले के जिला पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय से संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।