न्यूज स्कैन ब्यूरो,अररिया
बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू होते ही प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।इसी क्रम में फारबिसगंज थाना क्षेत्र में चार प्रमुख राजनीतिक दल के नेताओं के खिलाफ आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज कराया गया है।
फारबिसगंज के अंचलाधिकारी पंकज कुमार द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या 528/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद अभियुक्तों में बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अमरदीप जायसवाल, भाजपा के जिला महामंत्री सह जिला परिषद सदस्य आकाश राज गुप्ता, राजद के जिला प्रवक्ता एवं वर्तमान में कांग्रेसी नेता मनोज विश्वास, तथा जन सुराज के नेता मोहन आनंद शामिल हैं।
फारबिसगंज थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अंचलाधिकारी के आवेदन पर चारों नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की अवैध राजनीतिक गतिविधियों या आचार संहिता के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आचार संहिता उल्लंघन पर प्रशासन की सख्ती, चार राजनीतिक दल के नेताओं पर प्राथमिकी दर्ज
