न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
सुपौल शहर को अतिक्रमण एवं जाम मुक्त रखने के लिए आवश्यक कार्य करने के संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी सदर इंद्रवीर कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव गुप्ता के द्वारा अनुमंडल सभागार में सुपौल के व्यापार संघ के सभी सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि पूर्व में हुए बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया था । प्राय यह देखा जा रहा है कि दुकानदारों के द्वारा पुनः अस्थाई रूप से अपने दुकानों के आगे बाहर सरकारी जमीन व नाले तथा उसके आगे भी अपना सामान रख दे रहे हैं एवं इसके साथ ही ठेला चालक और ई रिक्शा वाले भी इसी तरह सरकारी सड़क के अलावे उपलब्ध सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर लेते है जिसके कारण की सड़क पर आवागमन हेतु संकरा रोड ही बच जाता है और जाम की समस्या लगी रहती है। व्यापार संघ के सदस्यों के द्वारा बताया गया कि व्यापार संघ के सभी सदस्य इसमें प्रशासन का भरपूर सहयोग करने को तैयार हैं तथा अधिकतर व्यापारी एवं दुकानदार अब अपने दुकान से बाहर सामान नहीं रखते हैं एवं यदि कुछ लोग अपने सामानों को दुकान से बाहर रखते भी होंगे तो व्यापार संघ के स्तर से उन्हें दुकान के अंदर ही अपना सामान रखकर व्यापार करने का निर्देश दिया जाएगा। व्यापार संघ के द्वारा यह भी बताया गया कि इसके बावजूद भी यदि कोई दुकानदार इसका अनुपालन नहीं करते हैं और दुकान के बाहर अपनी सामान रखते हैं तो प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करते हुए जुर्माना के साथ-साथ सामानों को जप्त करने की कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र है। व्यापार संघ के सदस्यों के द्वारा शहर को अतिक्रमण व जाम मुक्त रखने हेतु विभिन्न तरह के सुझाव दिए गए जिसमें मुख्य रूप से कई रास्तों को वन वे किए जाने का सुझाव तथा कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट किए जाने का प्रस्ताव भी दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के द्वारा इस संबंध में ट्रैफिक इंस्पेक्टर को आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रस्ताव देने का निर्देश दिया गया। व्यापार संघ के सदस्यों के द्वारा अनियंत्रित ई रिक्शा एवं ठेला चालकों पर भी नियंत्रण एवं व्यवस्थित तरीके से कार्य करने का भी सुझाव दिया गया। इस पर नगर परिषद के उपस्थित पदाधिकारी एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया कि जितने भी ठेला चालक हैं उनका नियमानुसार निबंधन व एंट्री नगर परिषद में किया जाना आवश्यक है तथा उसी के अनुसार ठेला चालकों को पहचान पत्र के साथ-साथ अपने ठेला पर निबंधन संबंधी जानकारी अंकित करनी है। शहर के क्षमता को देखते हुए सीमित संख्या में ठेला चालकों का निबंधन किया जाए। बहुत ज्यादा मात्रा में निबंधन किया जाता है तो उससे अनावश्यक अतिक्रमण व जाम की समस्या बढ़ेगी। इसके साथ ही व्यापार संघ के सदस्यों के अनुरोध पर ई-रिक्शा के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई किए जाने का निर्देश ट्रैफिक इंस्पेक्टर को दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के द्वारा इस हेतु अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश ट्रैफिक इंस्पेक्टर, नगर थानाध्यक्ष तथा नगर परिषद के पदाधिकारी एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया।
































