न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले में बढ़ते नशा सेवन के मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की है। नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के उद्देश्य से थानाध्यक्ष राम सेवक रावत और ड्रग इंस्पेक्टर निर्भय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में शहर के विभिन्न दवा दुकानों पर संयुक्त जांच अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में लोहिया नगर चौक के समीप स्थित हेल्थ फर्स्ट मेडिकल एजेंसी पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान दुकान से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद की गईं। टीम ने कुल 198 पत्ता नशीली दवाएं जब्त की हैं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
ड्रग इंस्पेक्टर निर्भय कुमार गुप्ता ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पहले एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर दुकान पर भेजा गया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बिना डॉक्टर के पर्चे के नशीली दवाओं की खुलेआम बिक्री की जा रही थी। इसके बाद विधिवत तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दुकानदार न तो दवाओं से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर सका और न ही स्टॉक रजिस्टर दिखा पाया। सभी जब्त दवाओं को सील कर लिया गया है और दुकानदार के विरुद्ध ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
थानाध्यक्ष राम सेवक रावत ने स्पष्ट कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी लगातार ऐसा जांच अभियान जारी रहेगा।
































