स्कूल में नौकरी का झांसा देकर महिला को बेचने का आरोप, बांका में मानव तस्करी का सनसनीखेज मामला

न्यूज स्कैन ब्यूरो। बांका

बांका के चांदन प्रखंड बिरनिया पंचायत के वार्ड दो की महिला वार्ड सदस्य के बेटे कुंदन कुमार पर गांव की एक महिला को स्कूल में रसोईया की नौकरी का झांसा देकर 50 हजार में बेचने का आरोप लगा है। महिला बीते आठ दिनों से लापता थी। उसके पति ने चांदन थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने फोन कर पति को पूरी जानकारी दी। इसके बाद पति ने थाना में मामला दर्ज कराया और पत्नी की सकुशल बरामदगी की मांग की।

कैसे रची गई साजिश

महिला के पति ने बताया कि कुंदन कुमार ने उसकी पत्नी को आधार कार्ड सुधार के बहाने बेलहर थाना क्षेत्र स्थित मायके भेजा। लौटते समय चांदन बाजार से उसे रास्ते में गायब कर दिया गया। फिर एक दलाल को बेच दिया। ग्रामीणों ने बताया कि पहाड़पुर निवासी गिरधारी तांती के घर तीन दिन पहले लखनऊ से तीन लोग आए थे। वे गांव में घूमे और कई लोगों से मिले। गिरधारी की मिलीभगत से महिला को बेचने की साजिश रची गई।

फोन पर दी जानकारी

महिला ने दूसरे के फोन से पति को बताया कि उसे बेहोश कर लखनऊ ले जाया गया। ग्रामीणों के अनुसार गिरधारी पहले भी मानव तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। पीड़ित महिला के पति ने बेलहर विधायक मनोज यादव से मिलकर मदद मांगी। विधायक ने तुरंत बेलहर एसडीपीओ और चांदन थानाध्यक्ष से बात कर महिला की बरामदगी और दोषियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया।

पुलिस जांच में जुटी

एसडीपीओ राजकिशोर कुमार ने बताया कि पति के बयान पर गुमशुदगी का केस दर्ज किया गया है। महिला की तलाश के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कुंदन कुमार को थाना बुलाकर पूछताछ की जा रही है।