न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बहवलपुर इलाके में बुधवार की रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की वजह जमीन विवाद बताई जा रही है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और परिजनों ने घायल युवक को भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने रात 9:00 बजे उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान शिवम कुमार, पिता अज्ञात, निवासी बहवलपुर, के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शिवम दो दिन पहले ही काम से लौट कर घर आया था। इस बीच किसी पुराने जमीन विवाद को लेकर हमलावरों ने उसे निशाना बनाया।
डीसीपी-2 राकेश कुमार ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद बताया कि घटना जमीन विवाद से जुड़ी प्रतीत होती है। उन्होंने बताया कि अपराधियों ने तीन राउंड फायरिंग की जिसमें शिवम कुमार को गोली लग गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

































