न्यूज स्कैन ब्यूरो सुपौल /मरौना
मरौना थाना क्षेत्र के भलूवाही गांव में मंगलवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, शराब से लदा तेज़ रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित जामुन के पेड़ से टकरा गया। इस हादसे में स्कॉर्पियो चालक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान मधुबनी जिला के घोघरडीहा थाना क्षेत्र के किसनी पट्टी गांव निवासी स्वर्गीय ललित यादव का 24 वर्षीय पुत्र रामप्रवेश यादव के रूप में की गई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मरौना थाना अध्यक्ष राजू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की। पुलिस ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को थाना परिसर लाया, जहाँ काफी मशक्कत के बाद शव को वाहन से बाहर निकाला गया।
थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो से बरामद शराब की गिनती की जा रही है। साथ ही शराब लदे वाहन के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेजा गया है।
इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएँ तेज़ हो गई हैं। ग्रामीणों ने शराबबंदी कानून पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रतिबंध के बावजूद इलाके में बड़े पैमाने पर शराब की अवैध ढुलाई जारी है। हादसे ने एक बार फिर शराब तस्करी पर प्रशासन की कार्यवाही को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
लोगो ने दबी जुबान मे कहा की यह सड़क हादसा न सिर्फ शराबबंदी कानून की हकीकत उजागर करता है, बल्कि प्रशासन के लिए भी गंभीर सवाल खड़े करता है कि आखिर कड़ी सख्ती के बावजूद सीमावर्ती इलाकों में शराब की तस्करी कैसे बेरोकटोक जारी है।

































