जनसुराज पार्टी आज करेगी विधानसभा घेराव, रोजगार, ज़मीन और भ्रष्टाचार को लेकर उठाएगी सवाल

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना

बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन जनसुराज पार्टी ने बड़ा ऐलान किया है। पार्टी ने पूर्व निर्धारित घोषणा के अनुसार बुधवार को विधानसभा का घेराव करने का निर्णय लिया है। इस प्रदर्शन का केंद्र बिंदु तीन अहम मुद्दे होंगे—गरीबों को रोजगार सहायता राशि, दलित भूमिहीनों को ज़मीन का वादा और भूमि सर्वेक्षण में व्याप्त भ्रष्टाचार।

जनसुराज पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सरकार ने गरीब परिवारों को 2 लाख रुपये रोजगार सहायता के रूप में देने की घोषणा की थी, लेकिन अधिकांश परिवारों को यह राशि नहीं मिली है। दूसरा बड़ा मुद्दा है दलित भूमिहीन परिवारों को तीन डिसमिल ज़मीन देने की सरकारी योजना, जो अब तक जमीनी हकीकत नहीं बन सकी है। तीसरे मुद्दे के तौर पर भूमि सर्वेक्षण में भ्रष्टाचार को चिन्हित किया गया है।

पार्टी ने पहले ही ऐलान किया था कि इन तीनों मुद्दों को लेकर एक करोड़ लोगों के हस्ताक्षर के साथ विधानसभा घेराव किया जाएगा। मानसून सत्र के पहले दो दिनों में मतदाता सूची पुनरीक्षण और कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्षी दलों ने जोरदार हंगामा किया था, और अब तीसरे दिन जनसुराज की एंट्री से सियासी तापमान और चढ़ने की संभावना है।

जनसुराज की यह कार्रवाई सरकार के लोकलुभावन वादों की जमीनी हकीकत को उजागर करने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है। पार्टी का दावा है कि राज्य में प्रशासनिक तंत्र योजनाओं को लागू करने में विफल रहा है और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ता जा रहा है।