न्यूज स्कैन ब्यूरो, पूर्णिया
शिक्षा के क्षेत्र में पूर्णिया और सीमांचल का नाम एक बार फिर रोशन हुआ है। पूर्णिया के प्रतिष्ठित ‘विद्या विहार आवासीय विद्यालय’ ने अपनी उत्कृष्टता का परचम लहराते हुए प्रतिष्ठित ‘टाइम्स बिजनेस अवार्ड्स बिहार 2026 (6वां संस्करण)’ अपने नाम किया है। विद्यालय को यह बड़ा सम्मान उत्तर बिहार के सबसे भरोसेमंद आवासीय विद्यालय (Trusted Residential School in North Bihar) की श्रेणी में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया है।
इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के सचिव राजेश चंद्र मिश्रा ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इस प्रतिष्ठित अवार्ड को पूरे विद्यालय परिवार, शिक्षकों और अभिभावकों की सामूहिक जीत बताया। अपनी खुशी जाहिर करते हुए सचिव राजेश चंद्र मिश्रा ने कहा, “यह उल्लेखनीय सम्मान अकादमिक उत्कृष्टता, छात्रों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का रिफ्लेक्शन है। विद्या विहार हमेशा से अपने छात्रों के बेहतर भविष्य और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए संकल्पित रहा है।”
उन्होंने विद्यालय की इस सफलता का श्रेय उन सभी लोगों को दिया जो इस सफर में साथ खड़े रहे हैं। श्री मिश्रा ने कहा, “मैं हमारे सम्मानित अभिभावकों, सहयोगियों, समर्पित शिक्षकों, कर्मचारियों और पूरे विद्या विहार परिवार को उनके निरंतर विश्वास और समर्थन के लिए हृदय से धन्यवाद देता हूं। यह सम्मान सिर्फ एक संस्था का नहीं, बल्कि हम सभी का है!”
आपको बता दें कि विद्या विहार आवासीय विद्यालय लंबे समय से उत्तर बिहार में शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र रहा है, जहां न सिर्फ किताबी ज्ञान, बल्कि बच्चों के समग्र विकास पर जोर दिया जाता है। टाइम्स ग्रुप द्वारा दिया गया यह अवार्ड विद्यालय के इसी समर्पण और शिक्षा के प्रति उसके ऊंचे मापदंडों पर मुहर लगाता है।
































