न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत 16 फरवरी 2026 को राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम में 25 लाख महिला लाभुकों को ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹2500 करोड़ की राशि का अंतरण किया गया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला सुपौल समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समारोह के माध्यम से किया गया, जहां बड़ी संख्या में जीविका दीदियाँ उपस्थित रहीं।
यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य प्रत्येक परिवार की एक महिला को रोजगार या स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रारंभिक आर्थिक सहायता प्रदान करना है। योजना के तहत महिलाओं को ₹10,000 की प्रारंभिक सहायता दी जा रही है, जबकि व्यवसाय की प्रगति के आधार पर ₹2 लाख तक अतिरिक्त सहायता का भी प्रावधान है।
सुपौल जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 1,54,653 जीविका दीदियों को ₹154 करोड़ 65 लाख 30 हजार की राशि का अंतरण किया गया। अब तक जिले में 5 लाख से अधिक परिवारों को ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹500 करोड़ से अधिक राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी सावन कुमार एवं उप विकास आयुक्त सारा अशरफ ने लाभान्वित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका से जोड़ते हुए जिले की आर्थिक प्रगति में अहम भूमिका निभा रही है। अधिकारियों ने महिलाओं से उद्यमिता और स्वावलंबन की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
योजना सामुदायिक सहकारिता मॉडल पर आधारित है, जिसके तहत समूह से वंचित परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जा रहा है। प्रशिक्षण, उत्पादन और विपणन तक स्थानीय संस्थाओं का सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए गांव से शहर तक बाजार नेटवर्क विकसित करने की योजना भी बनाई गई है।
कार्यक्रम का वेबकास्ट जिला मुख्यालय सहित सभी 11 प्रखंडों, 42 संकुल स्तरीय संघों और 2148 ग्राम संगठनों में प्रसारित किया गया। लाखों जीविका दीदियों ने इसे देखा, जिससे जिलेभर में उत्साह और सकारात्मक माहौल बना रहा।


























