न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले से पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली की एक सकारात्मक तस्वीर सामने आई है। सोमवार को भभुआ स्थित कार्यालय पहुंचे एक बुजुर्ग रिटायर्ड शिक्षक की फरियाद को भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने न केवल गंभीरता से सुना, बल्कि उन्हें न्याय का आश्वासन देते हुए अपनी सरकारी गाड़ी से सुरक्षित उनके घर तक भी पहुंचाया।
बेटे को गलत फंसाने का आरोप
भभुआ थाना क्षेत्र के भेकास गांव निवासी एवं संजय सिंह महिला विद्यालय के पूर्व व्याख्याता कुलदीप नारायण सिंह अपने पुत्र से जुड़े एक मामले में गुहार लगाने डीएसपी कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने उनके बेटे को एक मामले में गलत तरीके से फंसा दिया है।
कुलदीप नारायण सिंह ने बताया कि वे अपने जीवन में कई बार पुलिस अधिकारियों से मिले हैं, लेकिन ऐसा सम्मान और संवेदनशील व्यवहार पहली बार देखने को मिला। उन्होंने कहा कि “आज तक ऐसा पुलिसवाला नहीं देखा, जिसने फरियाद लेकर आए व्यक्ति को इतना सम्मान दिया हो। डीएसपी साहब ने मेरी बात पूरी गंभीरता से सुनी और भरोसा दिलाया कि मेरे साथ अन्याय नहीं होगा।”
पुलिस मुख्यालय के निर्देशों का हवाला
इस संबंध में एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को विशेष सुविधा प्रदान की जानी है। उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनना और आवश्यक होने पर उनके घर तक जाकर मदद करना पुलिस का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सेवा के लिए है और यह सुनिश्चित करना उसका कर्तव्य है कि कोई भी निर्दोष व्यक्ति गलत तरीके से न फंसे। मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
कैमूर में डीएसपी की दरियादिली: बुजुर्ग रिटायर्ड शिक्षक की सुनी फरियाद, सरकारी वाहन से घर तक छोड़ा


























