न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के बेलौड़ी गांव में दर्ज एक प्राथमिकी को लेकर सोमवार को माहौल गरमा गया। 13 फरवरी को हिंदूवादी संगठन से जुड़े नेता उत्तम पटेल ने अपने ऊपर हुए कथित हमले के मामले में मोहनिया थाने में 18 नामजद एवं 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
एफआईआर के विरोध में सोमवार दोपहर मुस्लिम समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष एवं बच्चे मोहनिया थाना परिसर पहुंचे और संबंधित नेता पर झूठा मुकदमा दर्ज कर फंसाने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से थाने में धरना देते हुए गिरफ्तारी देने की भी बात कही।
निष्पक्ष जांच की मांग
बेलौंडी पंचायत के मुखिया मीर इमरान सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे। मुखिया मीर इमरान ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि किसी तरह की साजिश हुई है तो उसका खुलासा किया जाए। उन्होंने कहा कि बेलौड़ी गांव में पहले से कई पटेल परिवार रहते हैं और उनके साथ किसी प्रकार का विवाद नहीं है, लेकिन उत्तम पटेल द्वारा झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है।
ग्रामीणों ने उठाए सवाल
बेलौड़ी निवासी याहिया खान ने आरोप लगाया कि बाहरी व्यक्ति आकर क्षेत्र का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में हमला हुआ था तो तत्काल पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी गई। ग्रामीणों ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।
प्रशासन का आश्वासन
करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद प्रशासन के आश्वासन पर लोग शांत हुए और वापस लौट गए।
इस संबंध में मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि कुछ ग्रामीण उनसे मिलने आए थे और जांच के बाद कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कैमूर में उत्तम पटेल पर झूठा फंसाने का आरोप, सैकड़ों लोग मोहनिया थाने पहुंचे


























