न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में जिले में संचालित आधारभूत संरचना से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बैठक में सड़क, बिजली और भूमि अधिग्रहण से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) भागलपुर ने जानकारी दी कि भागलपुर-कहलगांव-मिर्जाचौकी सड़क निर्माण परियोजना के अंतर्गत टॉल प्लाजा निर्माण हेतु 18 रैयतों को भू-अर्जन राशि का भुगतान किया जाना था। इसमें से 10 रैयतों को भुगतान कर दिया गया है, जबकि 8 रैयतों का भुगतान अभी लंबित है। इस पर जिलाधिकारी ने डीसीएलआर कहलगांव को निर्देश दिया कि वे व्यक्तिगत रूप से कार्यपालक अभियंता, एनएच के साथ समन्वय स्थापित कर शेष भुगतान प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराएं।
वहीं प्रोजेक्ट इलेक्ट्रिसिटी के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि कहलगांव और नाथनगर प्रखंडों में पावर सब स्टेशन निर्माण के लिए भूमि की आवश्यकता है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अधिकारी स्वयं स्थल भ्रमण कर उपयुक्त भूमि की पहचान करें और संबंधित अंचलाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर भूमि से संबंधित प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराएं।
ग्रामीण कार्य विभाग से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने भागलपुर, नवगछिया एवं कहलगांव के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि आरडब्ल्यूडी के अंतर्गत आने वाली सड़कों के चौड़ीकरण हेतु सभी सड़कों का सर्वे कराया जाए। इसके बाद बीडीओ एवं एसडीओ के साथ विचार-विमर्श कर प्राथमिकता सूची तैयार करते हुए विभाग को प्रस्ताव भेजा जाए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे अपने कार्यक्षेत्र से जुड़े संवेदकों के साथ समय-समय पर बैठक आयोजित करें, कार्यों का औचक निरीक्षण करें तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति सुनिश्चित करें।
आधारभूत संरचना योजनाओं की प्रगति की डीएम ने की समीक्षा: भुगतान लंबित मामलों के त्वरित निपटारे और सड़क चौड़ीकरण सर्वे के निर्देश

























