न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले के पिपरा प्रखंड प्रखंड और अंचल कार्यालय के समक्ष सोमवार को भाकपा माले और उससे जुड़े जनसंगठनों के नेतृत्व में जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया। धरना में बड़ी संख्या में भूमिहीन, किसान, मजदूर और महिलाओं ने भाग लेकर अपनी समस्याओं और मांगों को जोरदार तरीके से उठाया।
धरना को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव जयनारायण यादव ने कहा कि सरकार और प्रशासन की नीतियों का खामियाजा गरीब, किसान और मजदूर भुगत रहे हैं। भूमिहीनों को जमीन, गरीबों को आवास और महिलाओं को कर्ज से मुक्ति देना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन प्रशासन इस दिशा में गंभीर नहीं है। उन्होंने किसानों को एमएसपी की गारंटी देने तथा यूजीसी कानून लागू करने की मांग की।
किसान महासभा के जिला अध्यक्ष अच्छे लाल मेहता तथा पिपरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अनिल कुमार यादव ने संयुक्त बयान में कहा कि क्षेत्र के किसान लगातार संकट में हैं। खाद, बीज और अन्य कृषि संसाधनों की महंगाई से किसानों की कमर टूट रही है, जबकि फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग रखा।
भाकपा (माले) के एरिया सचिव कलाधर प्रसाद यादव ने कहा कि जमीन, आवास और राजस्व से जुड़े मामलों में आम जनता को लगातार परेशान किया जा रहा है।
अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के जिला अध्यक्ष जितेन्द्र चौधरी एवं जिला सचिव जन्मजय राई ने संयुक्त बयान में कहा कि भूमिहीन मजदूरों और महागरीब परिवारों के साथ अन्याय हो रहा है। भूदान और सरकारी जमीन पर गरीबों को दखल नहीं मिल रहा है। यदि पर्चा धारी गरीबों को शीघ्र दखल नहीं दिलाया गया, 5 डिसमिल जमीन और आवास की गारंटी सुनिश्चित नहीं की गई, तो पिपरा प्रखंड में आंदोलन तेज किया जाएगा।
आईसा के जिला सचिव अमित चौधरी ने कहा कि छात्रों के हित में यूजीसी कानून को अविलंब लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यूजीसी कानून लागू नहीं होने से गरीब और ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों को भारी नुकसान होगा।
स्थानीय मुद्दों पर भी नेताओं ने उठाए सवाल-
मामला पिपरा प्रखंड के मौजा देवीपट्टी, अंचल पिपरा, थाना संख्या 246, खाता संख्या 09 एवं खेसरा संख्या 163, रकवा 25 डिसमिल जमीन पर सुभाष यादव के खेत में लगे गेहूं की फसल को स्थानीय गुंडों द्वारा जबरन जोत दिए गाया है लेकिन गिरफ्तारी अभि तक नहीं हुई नेताओं ने कहा कि इस मामले में अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी पिपरा को जवाब देने और खेत जोतने वाले गुंडों पर एफआईआर दर्ज करने , पंचायत दुबियाही के मौजा लालपुर, थाना संख्या 257 में जमाबंदी संख्या 1 से 750 तक के फटे जमाबंदी का पंजी-प्रथम से मिलान कर पंजी-2 तैयार करने तथा सभी रैयतों को ऑनलाइन रसीद देने की मांग भी उठाई गई। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इन सहित अन्य मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पिपरा प्रखंड में आंदोलन और तेज होगा।
धरना को छातापुर प्रखंड सचिव नवल किशोर मेहता, माले नेता भागवत शर्मा, अरुण कुमार, जयप्रकाश कामैत, तारनी मंडल तथा किसान नेता सियाराम कमैत ने भी संबोधित किया।
मौके पर लाल बहादुर यादव, तेतरी देवी, सिफत लाल यादव, खान साहब, महादेव यादव, शंभू नाथ कामैत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
धरना के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित मांग पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपा।


























