पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर चिराग का तेजस्वी को करारा जवाब: ‘लोकसभा चुनाव में हराना चाहते थे, अब बहा रहे घड़ियाली आंसू’

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर बिहार की सियासत में उबाल है। अब इस मामले में केंद्रीय मंत्री और लोजपा (आर) प्रमुख चिराग पासवान ने तेजस्वी यादव और विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। चिराग पासवान ने तेजस्वी यादव की सहानुभूति को ‘घड़ियाली आंसू’ करार देते हुए कहा कि जो लोग चुनाव में पप्पू यादव को हराने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे थे, वे आज उनके हमदर्द होने का नाटक कर रहे हैं।

‘चुनाव में हराने की कोशिश, अब सहानुभूति का ढोंग’
हाजीपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए चिराग पासवान ने विपक्षी दलों के दोहरे रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने याद दिलाया कि लोकसभा चुनाव के दौरान ‘इंडिया गठबंधन’ के नेताओं, खासकर राजद ने पप्पू यादव को हराने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी थी। चिराग ने कहा, “तेजस्वी यादव ने तो यहां तक कह दिया था कि वोट भले एनडीए को दे दें, लेकिन पप्पू यादव को न दें। आज वही तेजस्वी अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए उनके प्रति चिंता जता रहे हैं।”

कानून अपना काम कर रहा है, हम राजनीति नहीं करते
पप्पू यादव की 31 साल पुराने मामले में हुई गिरफ्तारी को चिराग पासवान ने पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि एनडीए सरकार की नीति साफ है… न हम किसी को फंसाते हैं और न ही किसी दोषी को बचाते हैं। चिराग ने कहा कि बिना ठोस सबूतों के किसी मौजूदा सांसद की गिरफ्तारी संभव नहीं है। विपक्ष हर कानूनी कार्रवाई को ‘राजनीतिक बदले’ का नाम देकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने अंत में दोहराया कि यदि पप्पू यादव निर्दोष होंगे तो उन्हें न्याय मिलेगा, लेकिन कानून की प्रक्रिया में बाधा डालना और उस पर राजनीति करना विपक्ष की पुरानी आदत बन चुकी है।