कहलगांव अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की कमी का मुद्दा विधानसभा में गूंजा

  • विधायक शुभानंद मुकेश ने उठाए स्वास्थ्य, नगर विकास, संस्कृति और जलजमाव से जुड़े अहम सवाल

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, कहलगांव/पटना
कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक शुभानंद मुकेश ने विधानसभा में क्षेत्र से जुड़ी गंभीर जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाते हुए सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहलगांव अनुमंडल अस्पताल में वर्षों से एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की अनुपलब्धता के कारण सिजेरियन ऑपरेशन बंद रहने की गंभीर समस्या को सदन में प्रमुखता से रखा।
विधायक ने कहा कि एनेस्थीसिया चिकित्सक के अभाव में गरीब एवं जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है। उन्होंने सरकार से अविलंब स्थायी एनेस्थीसिया चिकित्सक की नियुक्ति की मांग की।
‘अंगिका हाट’ स्थापना से रोजगार और संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
विधायक शुभानंद मुकेश ने ध्यानाकर्षण के माध्यम से कहलगांव नगर क्षेत्र में पड़ी अनुपयोगी सरकारी भूमि पर ‘अंगिका हाट’ की स्थापना का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय कारीगरों, महिलाओं एवं युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और अंगिका भाषा-संस्कृति के संरक्षण को संस्थागत आधार प्राप्त होगा।
राष्ट्रीय उच्च विद्यालय में स्टेडियम निर्माण की मांग
उन्होंने इंटर स्तरीय राष्ट्रीय उच्च विद्यालय, सनौबर हाट में स्टेडियम निर्माण की मांग सरकार के समक्ष रखी, जिससे क्षेत्र के युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिल सके।
धुरमाहा गांव में जलजमाव की समस्या पर सरकार से हस्तक्षेप की मांग
विधायक ने सनहौला प्रखंड के धुरमाहा गांव में नाले पर हुए अतिक्रमण के कारण उत्पन्न जलजमाव की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि इससे किसानों और आम नागरिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने जल निकासी मार्ग से अतिक्रमण हटाकर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभाग को निर्देश देने की मांग की।
नगर पंचायत से नगर परिषद बनने पर सरकार का लिखित जवाब
विधायक शुभानंद मुकेश द्वारा विधानसभा में पूछे गए प्रश्नों के उत्तर में नगर विकास एवं आवास विभाग सहित संबंधित विभागों से सरकार का लिखित जवाब प्राप्त हुआ है। सरकार ने स्वीकार किया है कि कहलगांव एक ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर है, जहां राज्य स्तरीय कार्यक्रमों और पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि कहलगांव नगर क्षेत्र में अब तक सर्वसुविधायुक्त बहुउद्देशीय सभागार/प्रशासनिक भवन के अभाव के कारण आमजन एवं जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक कार्यक्रमों, बैठकों और आपात स्थितियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता रहा है।
इसी को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत कहलगांव क्षेत्र में 19×33 मीटर (लगभग 11 डिसमिल) भूमि पर बहुउद्देशीय सभागार निर्माण हेतु प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है और इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
नगर परिषद गठन पर जनगणना प्रक्रिया बनी बाधा
नगर परिषद गठन के संबंध में सरकार ने अवगत कराया कि जिला पदाधिकारी, भागलपुर द्वारा प्रस्ताव उपलब्ध कराया गया था, किंतु भारत की जनगणना-2027 की प्रक्रिया के मद्देनज़र दिनांक 31 दिसंबर 2025 से 31 मार्च 2027 तक प्रशासनिक सीमाओं एवं निकाय संरचना में परिवर्तन पर रोक लगाए जाने के कारण फिलहाल अंतिम निर्णय लंबित है। जनगणना प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद इस प्रस्ताव पर पुनः विचार किया जाएगा।
जनहित के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाने का संकल्प
विधानसभा में विधायक शुभानंद मुकेश का यह सक्रिय और तथ्यपरक हस्तक्षेप कहलगांव क्षेत्र की जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित, स्वास्थ्य, संस्कृति, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर वे लगातार सदन और सरकार के समक्ष आवाज उठाते रहेंगे।