कोशी पेंटिंग के जनक राजीव राज की कृतियों ने मधुबनी में समा बांधा; कलाप्रेमियों ने कहा- वाह

न्यूज स्कैन ब्यूरो, मधुबनी
कला, संस्कृति और भारतीय विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, रविवार को संस्कार भारती के तत्वावधान में रीजिनल पब्लिक स्कूल, मधुबनी के परिसर में एक भव्य कला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न कला विधाओं के कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कोशी पेंटिंग बनी मुख्य आकर्षण
​कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही चित्रकला प्रदर्शनी, जिसमें सुप्रसिद्ध चित्रकार एवं ‘कोशी पेंटिंग’ शैली के जनक राजीव राज की विशिष्ट कृतियों को प्रदर्शित किया गया। राजीव राज द्वारा कैनवास पर उकेरी गई ‘कोशी पेंटिंग्स’ ने कोशी अंचल की अनुपम प्रकृति, स्थानीय संस्कृति और जनजीवन की भावनाओं को अत्यंत सशक्त और मार्मिक रूप से प्रस्तुत किया।
​कला प्रेमियों और दर्शकों ने उनकी इन मौलिक कृतियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और कोशी क्षेत्र की कलात्मक अभिव्यक्ति को अंतर्राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के उनके प्रयासों को सराहा।


अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार राजीव राज
​ज्ञात हो कि चित्रकार राजीव राज कला के क्षेत्र में अपने असाधारण योगदान के लिए राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं। उन्हें बिहार के सर्वश्रेष्ठ कला पुरस्कार और प्रतिष्ठित राधा मोहन कला पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। ​इसके अतिरिक्त, उनकी रचनात्मक प्रतिभा को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया है। उनकी ‘कोशी पेंटिंग्स’ भारत के अलावा स्विट्ज़रलैंड, जापान (टोक्यो) और दुबई जैसे अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भी प्रदर्शित होकर व्यापक सराहना प्राप्त कर चुकी हैं।
​यह भव्य आयोजन कला और संस्कृति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा, जिसने स्थानीय कलाकारों को एक बड़ा मंच प्रदान किया।