कहलगांव में बनेगा एक और वन स्टॉप सेंटर, कहलगांव अस्पताल परिसर में भूमि का निरीक्षण पूरा

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बालिकाओं को हिंसा के मामलों में त्वरित व समन्वित सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य के सभी जिलों में वन स्टॉप सेंटर (OSC) संचालित किए जा रहे हैं। भागलपुर जिले में वर्तमान समय में एक वन स्टॉप सेंटर मायागंज अस्पताल परिसर में कार्यरत है।
विभागीय निर्देशों के आलोक में जिले में एक अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में कहलगांव अस्पताल परिसर में नए वन स्टॉप सेंटर के निर्माण हेतु संभावित स्थल का निरीक्षण किया गया।
इस निरीक्षण में जिला परियोजना प्रबंधक, केंद्र प्रशासक, जेंडर स्पेशलिस्ट, महिला एवं बाल विकास निगम के प्रतिनिधियों के साथ कहलगांव प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अस्पताल प्रबंधक उपस्थित रहे। टीम ने स्थल का विस्तृत अवलोकन किया तथा आवश्यक आधारभूत संरचना का मूल्यांकन किया।
वन स्टॉप सेंटर का उद्देश्य
वन स्टॉप सेंटर महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न प्रकार की हिंसा की स्थिति में एक ही स्थान पर सुरक्षा, परामर्श, कानूनी सहायता, चिकित्सीय सुविधा एवं अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित किए जाते हैं।
वन स्टॉप सेंटर में उपलब्ध प्रमुख सेवाएँ
मनो–सामाजिक परामर्श
कानूनी परामर्श एवं आवश्यक सहायता
चिकित्सीय (मेडिकल) सहायता
अस्थायी आश्रय (अधिकतम 5 दिन)
181 महिला हेल्पलाइन से लिंक सेवाएँ
वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग की सुविधा
कौन ले सकते हैं सहायता
किसी भी प्रकार की हिंसा से प्रभावित महिला
18 वर्ष से कम आयु की बालिकाएँ (किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक प्रक्रिया अनुसार)
सरकार की अपील
बिहार सरकार ने कहा है कि किसी भी प्रकार की हिंसा, संकट या आपात स्थिति में जिले के वन स्टॉप सेंटर से पूरी तरह निःशुल्क सहायता प्राप्त की जा सकती है।
181 महिला हेल्पलाइन
आपका जिला – वन स्टॉप सेंटर
मौके पर उपस्थित अधिकारी
कहलगांव प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव रंजन,
जिला परियोजना प्रबंधक मणिशंकर, केंद्र प्रशासक मोना कुमारी, जेंडर स्पेशलिस्ट विवेक कुमार, अस्पताल प्रबंधक गोविन्द तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।