भभुआ सदर अस्पताल में नाश्ता-खाना नहीं मिलने पर हंगामा, ACMO ने दिए जांच के आदेश

प्रमोद कुमार, कैमूर
भभुआ सदर अस्पताल में भर्ती मरीजों को दो दिनों से नाश्ता और खाना नहीं मिलने पर शुक्रवार को परिजनों ने हंगामा कर दिया। मामला मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए भर्ती मरीजों से जुड़ा है, जिनका इलाज हर सोमवार और शुक्रवार को होता है। मरीजों ने आरोप लगाया कि जीविका समूह की लापरवाही के कारण उन्हें समय पर भोजन उपलब्ध नहीं कराया जाता।
मरीज उर्मिला देवी और गुलाब सिंह ने बताया कि वे दो दिन से भर्ती हैं, लेकिन नाश्ता और खाना नहीं मिला। विरोध होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने काफी देरी से केवल नाश्ता उपलब्ध कराया।
अस्पताल में भोजन आपूर्ति की जिम्मेदारी जीविका समूह के पास है, लेकिन लगातार शिकायत है कि मरीजों को समय पर भोजन नहीं दिया जाता। इस घटना के बाद अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (ACMO) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जाँच का निर्देश दिया है और जीविका कर्मियों पर कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
परिजनों का कहना है कि सवाल यह है कि जब जीविका समूह को प्रतिदिन सभी भर्ती मरीजों की सूची मिलती है, तो भोजन वितरण में इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हो रही है। क्या अस्पताल प्रशासन की मॉनिटरिंग सिर्फ कागजों तक सीमित है और बिल बनाकर खानापूर्ति कर दी जाती है?