न्यूज स्कैन ब्यूरो,अररिया
अररिया जिला प्रेस क्लब के सभागार में जिला जन संपर्क कार्यालय और जिला पत्रकार संघ के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर बढ़ती गलत सूचनाओं के बीच प्रेस की विश्वसनीयता की रक्षा करना विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर वरीय उप समाहर्ता सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी चंद्रशेखर यादव मौजूद थे।जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष राकेश भगत उर्फ मंटू भगत और संचालन वरिष्ठ पत्रकार ज्योतिष कुमार झा ने की।संगोष्ठी में जिले भर के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक्स और डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई।जिसमें जिला जन संपर्क पदाधिकारी चंद्रशेखर यादव,पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार भगत,वरिष्ठ पत्रकार फुलेंद्र मल्लिक,मृगेंद्र सिंह मणि,अमोद शर्मा,विष्णुदेव झा बेदी,प्रशांत पराशर,संघ के सचिव अमित अमन, एलपी नायक,परवेज आलम,पंकज रंजीत,सुब्रत सिन्हा,मनीष कुमार,मुर्शीद रजा,प्रभु झा,रूपेश कुमार आदि ने संयुक्त रूप से किया। दीप प्रज्वलन उपरांत मुख्य अतिथि समेत संघ के अध्यक्ष और वरिष्ठ पत्रकारों को अंग वस्त्र और पौधा प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उदघाटन सत्र के बाद हुए संगोष्ठी के विषय पर बेबाकी से पत्रकारों ने अपनी राय रखी।जिसमें अब्दुल गनी,परवेज आलम,राहुल कुमार ठाकुर,पंकज रंजीत,एलपी नायक,परवेज आलम,अमोद शर्मा,विष्णुदेव झा बेदी,अमित अमन,मृगेंद्र सिंह मणि,अमरेंद्र कुमार,प्रशांत पराशर,विवेक प्रकाश आदि ने अपने विचार रखे और बढ़ती गलत सूचनाओं के बीच प्रेस की विश्वसनीयता की रक्षा करने के विषय पर बोलते हुए कहा कि इसके लिए सिर्फ एक पक्ष पत्रकारों को ही दोषी नहीं ठहराया जा सकता।इसका मूल कारण जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ पत्रकारों का संवादहीनता मुख्य कारण है। कम्यूनिकेशन गैप के कारण प्रशासन और प्रेस के बीच बढ़ती खाई को पाटने के लिए डीपीआरओ से पहल को जरूरत करार दिया।इसके अलावे इलेक्ट्रॉनिक्स मीडिया और यूट्यूबर के बीच सबसे पहले की होड़ में तेज चलने के कारण कई बार गलत सूचना का प्रवाह होता है,जिसको नियंत्रित करने की जरूरत है।संगोष्ठी में पूर्व में होने वाले मासिक प्रेस गोष्ठी के न होने और समय पर कार्यक्रम की सूचना न देकर बाद में एकपक्षीय जिला प्रशासन की ओर से प्रेस रिलीज जारी कर देने के कारण जैसे मुद्दे पर भी चर्चा की गई।
वहीं बतौर मुख्य अतिथि जिला जन संपर्क पदाधिकारी चंद्रशेखर यादव ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका काफी बड़ी है।कार्यपालिका,विधायिका और न्यायपालिका के मीडिया का स्थान है।यूं कहे कि मीडिया लोकतंत्र के इन तीनों स्तंभ के साथ जनता के बीच सेतु का काम करता है।ऐसे में गलत और भ्रामक सूचना के प्रवाह से कई बार विधि व्यवस्था के साथ सामाजिक विषमताओं को जन्म दे देती है।ऐसे में पत्रकारों के ऊपर यह जिम्मेवारी बनती है कि किसी भी खबर की सत्यता को प्रमाणित करने के बाद ही उसे प्रकाशित करे।
कार्यक्रम के अंत में पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष राकेश भगत ने विषय वस्तु पर कहा कि कोई भी मीडियाकर्मी कभी यह नहीं चाहता कि भ्रामक और गलत खबर चले।बदलते मीडिया की भूमिका में प्रशासनिक तौर पर भी बदलाव की जरूरत है और जरूरत है मीडिया के बीच प्रशासनिक अधिकारियों के सामंजस्य की।उन्होंने कार्यक्रम के अंत में सभी का धन्यवाद ज्ञापन भी किया।
संगोष्ठी में जिला मुख्यालय के पत्रकारों को साथ सभी प्रखंड के पत्रकारों ने हिस्सा लिया।
जन संपर्क कार्यालय और पत्रकार संघ की ओर से राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन


























