सुपौल में मतगणना की तैयारी पूरी, बीएसएस कॉलेज होगी मतगणना

विनय कुमार मिश्र, सुपौल

विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब पूरे जिले की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं। मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मतदान कर अपने-अपने उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद कर दिया है। अब सभी की नज़रें इस बात पर हैं कि 14 नवंबर को किसके सिर विजयी का सेहरा सजेगा।
जिला प्रशासन ने मतगणना को लेकर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। मतगणना का कार्य जिला मुख्यालय स्थित बी.एस.एस. कॉलेज, सुपौल में किया जाएगा। सुबह 8 बजे से मतों की गिनती शुरू होगी। जिले के सुपौल, निर्मली, पिपरा, त्रिवेणीगंज और छातापुर विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना बीएसएस कॉलेज सुपौल में होगी। 14-14 टेबल लगाये गए है।
मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े और त्रिस्तरीय प्रबंध किए गए हैं। कॉलेज परिसर को चारों ओर से बैरिकेडिंग कर सुरक्षित बनाया गया है। पुलिस, मजिस्ट्रेट, और चुनाव आयोग के पर्यवेक्षक लगातार निगरानी में रहेंगे। मतगणना केंद्र के आसपास धारा 144 लागू की गई है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
मतगणना केंद्र को रियल टाइम वीडियोग्राफी और सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। प्रत्येक टेबल पर कैमरे लगाए गए हैं, जिससे पूरे मतगणना प्रक्रिया की सतत निगरानी की जा सके। प्रशासन का दावा है कि मतगणना पूर्णतः पारदर्शी और निष्पक्ष वातावरण में होगी।
सभी प्रत्याशियों, एजेंटों और कर्मियों के लिए विशेष पहचान पत्र (पास) जारी किए गए हैं। मीडिया कर्मियों के लिए भी अलग से व्यवस्था की गई है ताकि वे मतगणना की ताज़ा जानकारी जनता तक पहुँचा सकें।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मतगणना केंद्र के पास भीड़ न लगाएँ और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
अब जब सारी तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं, तो सुपौल में लोगों के बीच जबरदस्त उत्सुकता है। हर गली, हर चौक-चौराहे पर चर्चा सिर्फ एक ही सवाल की — “इस बार कौन जीतेगा?”
14 नवंबर की सुबह जब ईवीएम की सील टूटेगी, तो खुल जाएगा यह राज कि किस उम्मीदवार की झोली में जनता ने अपनी आशीर्वाद भरी वोट डाली है।

मतगणना को लेकर एसडीएम ने विधि व्यवस्था का लिया जायजा

14 नवंबर को सुपौल जिला के सभी विधानसभा क्षेत्र के ईवीएम की मतगणना बीएसएस कॉलेज सुपौल में सुबह 8 बजे से प्रारंभ की जाएगी । इस हेतु प्रशासन के द्वारा पूरी सतर्कता एवं तैयारी की जा चुकी है। अनुमंडल पदाधिकारी सुपौल सदर इंद्रवीर कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुपौल सदर शिवेंद्र कुमार अनुभवी के द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, विधि व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आवश्यक निर्देश दिए गए। मतगणना कार्य में विधि व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालन के लिए अतिरिक्त बलों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि मतगणना बीएसएस कॉलेज में किया जाना है। बीएसएस कॉलेज वाले रास्ते पर अत्यधिक भीड़ होने की संभावना के कारण इस रास्ते में आम लोगों को आवागमन में कठिनाई उत्पन्न हो सकती है। इस हेतु डिग्री कॉलेज से बीएसएस कॉलेज होते हुए लोहिया चौक तक जाने वाले रास्ते को आम लोगों के लिए मतगणना कार्य तक डायवर्ट किया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा आम लोगों से अपील की गई की मतगणना के कार्य को देखते हुए लोगों को बीएसएस कॉलेज के रास्ते के बदलेअन्य रास्तों का उपयोग करते हुए अपने गंतव्य पर पहुंचे ताकि सामान्य आवागमन में कोई बाधा उत्पन्न नहीं हो। मतगणना कर्मियों, पदाधिकारियों एवं मतगणना अभिकर्ताओं इत्यादि के लिए आईटीआई के मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आईटीआई में वाहन पार्किंग कर बीएसएस कॉलेज के द्वार से मतगणना स्थल पर अपना नियुक्ति पत्र दिखाकर मतगणना स्थल पर प्रवेश पा सकते हैं। मतगणना स्थल एवं अन्य जगहों पर भारतीय न्याय संहिता धारा 163 लागू की गई है। मतगणना केंद्र के आसपास किसी भी तरह के भीड़भार की अनुमति नहीं है। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के द्वारा विधि व्यवस्था की दृष्टिकोण से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का फ्लैग मार्च भी किया गया एवं आवश्यक निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर थानाध्यक्ष एवं इंस्पेक्टर तथा अतिरिक्त बल भी उपस्थित थे।

सुपौल में मतगणना को लेकर 500 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू : डीएम सावन कुमार

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत मतगणना 14 नवंबर को जिला मुख्यालय स्थित बी०एस०एस० कॉलेज, सुपौल में होगी। इसको लेकर जिला प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ शांति बनाए रखने के लिए विशेष कदम उठाए हैं।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रेस नोट संख्या ECLPN/316/2025 6 अक्टूबर 2025 के अनुसार, 14 नवंबर को मतगणना निर्धारित है। मतदान समाप्त होने के बाद जिले के सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों के पोल्ड ईवीएम को बी०एस०एस० कॉलेज परिसर स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा गया है, जहाँ से मतगणना की प्रक्रिया संपन्न होगी।
राजनीतिक प्रतिस्पर्धा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनज़र, जिला दंडाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी सावन कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, बी०एस०एस० कॉलेज, सुपौल के चारों ओर 500 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। यह आदेश 12 नवंबर से मतगणना समाप्ति तक या अधिकतम 60 दिनों तक (जो भी पहले हो) प्रभावी रहेगा।

आदेश के प्रमुख बिंदु:
मतगणना स्थल के 500 मीटर दायरे में 5 या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा।
प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी राजनीतिक दल को टेंट या सामियाना लगाने की अनुमति नहीं होगी।
सरकारी व अनुमति प्राप्त वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों का प्रवेश निषिद्ध रहेगा।
कोई भी व्यक्ति आग्नेयास्त्र, लाठी, भाला, गंडासा, तीर-धनुष या किसी भी प्रकार के घातक हथियार लेकर नहीं चल सकेगा।
यह आदेश कानून-व्यवस्था में तैनात अधिकारी-कर्मचारी एवं परंपरागत शस्त्र धारण करने वाले समुदायों पर लागू नहीं होगा।
शस्त्र अनुज्ञप्तिधारियों द्वारा शस्त्र निरीक्षण हेतु ले जाने पर भी यह आदेश शिथिल रहेगा।
आदर्श आचार संहिता के विपरीत कोई भी गतिविधि नहीं की जाएगी।

जिला दंडाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पूर्ण पालन करें और मतगणना को शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें।