- कहा – ऐसे लुटेरे नेताओं को जनता पहचान चुकी है, अब चुनाव में सिखा रही है सबक
न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
बक्सर से राजद सांसद सुधाकर सिंह ने मोहनिया की भाजपा प्रत्याशी सह विधायक संगीता कुमारी के खिलाफ जनता के विरोध के वायरल वीडियो पर कड़ा बयान दिया है। सुधाकर सिंह ने कहा कि 2020 में महागठबंधन से चुने गए दो राजद और एक कांग्रेस विधायक बाद में भाजपा में शामिल हो गए, जिससे जनता के भरोसे को ठेस पहुँची है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन विधायकों ने पैसे के लेनदेन के जरिए सत्ता का सौदा किया, इसलिए जनता अब उनसे नाराज़ और बागी हो चुकी है।
सुधाकर सिंह ने कहा कि सलथुआ पंचायत में ग्रामीणों द्वारा विधायक संगीता कुमारी को रोके जाने और विरोध जताने की घटना इस बात का संकेत है कि जनता अब जागरूक हो चुकी है। उन्होंने कहा, “अब जनता किसी को भी लूटने नहीं देगी। जो जनता को ठगेगा, उसे ऐसा सबक मिलेगा जिसे वह जीवनभर नहीं भूल पाएगा।”
सुधाकर सिंह ने आगे कहा कि कुछ विधायक जनता की सेवा करने के बजाय राजद छोड़कर भाजपा में चले गए। ऐसे नेताओं से जनता अब पाँच साल का हिसाब मांग रही है। उन्होंने कहा, “बिहार की जनता अब ईमानदार और जमीनी नेताओं के साथ है। सत्ता में रहकर जनता के हितों की अनदेखी करने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब मिलेगा।”
राजद सांसद ने आरोप लगाया कि महागठबंधन चुनाव में विश्वास रखता है, लेकिन भाजपा साजिश के ज़रिए लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा, “हमारी राजद प्रत्याशी श्वेता सुमन के साथ साजिश हुई थी, लेकिन जनता अब गलत करने वालों को माफ नहीं करेगी।”


























