सांसद अजय मंडल की करीबी और जदयू महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश महासचिव अर्पणा ने दिया इस्तीफा

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

कुछ दिन पूर्व ही सांसद अजय कुमार मंडल के इस्तीफा की खबर के बाद सांसद के खासम खास जनता दल (यूनाइटेड) महिला प्रकोष्ठ बिहार को उस समय बड़ा झटका लगा जब प्रदेश महासचिव अर्पणा कुमारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपने त्यागपत्र में संगठन में पारदर्शिता की कमी, महिला कार्यकर्ताओं के सम्मान की अनदेखी और गुटबाजी को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

ज्ञात हो कि अर्पणा कुमारी भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल की करीबी मानी जाती हैं। वे सांसद प्रतिनिधि भी हैं और उनकी अनुपस्थिति में अधिकांश कार्यक्रमों एवं गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। उनकी बेबाकी और पार्टी के प्रति समर्पण सर्वविदित रहा है। हाल ही में सांसद अजय मंडल और गोपालपुर के बड़बोले विधायक गोपाल मंडल के बीच चली जुबानी जंग में अर्पणा विधायक को खूब खरी- खरी बोल चुकी है।

अर्पणा कुमारी ने प्रदेश अध्यक्ष को भेजे अपने पत्र (पत्रांक: JDU/BMP/044/25) में लिखा है कि वे पार्टी की नीतियों और अनुशासन के प्रति समर्पित रही हैं, लेकिन वर्तमान संगठनात्मक परिस्थितियाँ उनके आत्मसम्मान और सिद्धांतों के प्रतिकूल हैं। उनका कहना है कि पार्टी में समर्पित कार्यकर्ताओं की आवाज़ को लगातार अनसुना किया जा रहा है और व्यक्तिगत स्वार्थों को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने अपने पत्र में लिखा – “ऐसी स्थिति में काम करना मेरे आत्मसम्मान और सिद्धांतों के प्रतिकूल है… मैं अब ऐसे संगठनात्मक माहौल का हिस्सा नहीं रहना चाहती जहाँ समर्पित कार्यकर्ताओं की आवाज को लगातार अनसुना किया जाता है।”

उन्होंने अपना इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार करने का आग्रह किया है। इसकी प्रतिलिपि उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा को भी भेजी है।

गौरतलब है कि अर्पणा कुमारी लंबे समय से जदयू महिला प्रकोष्ठ से जुड़ी रही हैं और भागलपुर लोकसभा क्षेत्र में संगठन की एक सक्रिय और प्रभावशाली चेहरा मानी जाती हैं। उनके इस्तीफे को आगामी बिहार राजनीति में महिला प्रकोष्ठ के भीतर गहराते असंतोष के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।