निर्मली में हाई वोल्टेज ड्रामा: घरेलू झगड़े से तंग लड़की मोबाइल टावर पर चढ़ी, प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद उतारा सुरक्षित


न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल / निर्मली
निर्मली के कुनौली वार्ड 14 में गुरुवार को एक 18 वर्षीय लड़की ने घरेलू विवाद के चलते मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दे दी। लड़की की इस जिद्द ने पूरे इलाके को हड़कंप मचा दिया।
मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और हर कोई लड़की को मनाने में जुटा। कुनौली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लड़की को सुरक्षित उतारने की कोशिश की, लेकिन लड़की जिद्द पर अड़ी रही।
इसी बीच निर्मली सीओ विजय प्रताप सिंह समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने माइकिंग के जरिए लड़की को समझाया और समुचित आश्वासन देने के बाद उसे सुरक्षित रूप से टावर से उतारा।
करीब तीन घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा अंततः शांतिपूर्वक खत्म हुआ। लड़की को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रशासन ने इस घटना के बाद राहत की सांस ली।