खगड़िया:माड़र दुर्गा मंदिर प्रांगण में युथ फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय खंडेलिया द्वारा अखंड कन्या पूजन का भव्य एवं दिव्य आयोजन

न्यूज स्कैन ब्यूरो। खगड़िया

नवरात्रि के प्रथम दिन माड़र दुर्गा मंदिर प्रांगण में युथ फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय खंडेलिया द्वारा अखंड कन्या पूजन का भव्य एवं दिव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण श्रद्धा, भक्ति और मातृशक्ति के जयघोषों से गूंज उठा।

तेलंगाना प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर एवं संजय खंडेलिया ने विधिवत पूजन-अर्चन कर कन्याओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस आयोजन ने समाज में नारी शक्ति के महत्व और हमारी सनातन संस्कृति की महान परंपरा का संदेश दिया। चंद्रशेखर ने कहा—“नवरात्रि का यह पर्व हमें माँ दुर्गा की शक्ति और उनके आशीर्वाद की याद दिलाता है। कन्या पूजन हमारी संस्कृति का वह संदेश है, जो आने वाली पीढ़ियों को धर्म, संस्कार और मातृशक्ति के प्रति आदर का मार्ग दिखाता है।”इस अवसर पर श्री संजय खंडेलिया जी ने अपने संबोधन में कहा—“कन्या पूजन हमारी सनातन परंपरा की आत्मा है। यह हमें समाज में नारी शक्ति के महत्व, उनके प्रति सम्मान और आदर की भावना को जागृत करने की प्रेरणा देता है। कन्या पूजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक संदेश है कि समाज तभी प्रगतिशील हो सकता है, जब उसमें नारी का सम्मान सर्वोपरि हो।”पूरे आयोजन के दौरान माता रानी के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा और श्रद्धालुओं ने पूरी भक्ति और उत्साह के साथ सहभागिता की। मंदिर प्रांगण को दीपों, पुष्पों और धार्मिक झांकियों से सजाया गया, जिससे वातावरण में एक अद्भुत आध्यात्मिक आभा का अनुभव हुआ।इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विशेष रूप से उपस्थित रहे भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शत्रुघन भगत जी, भाजपा कोषाध्यक्ष श्री मृत्युंजय झा जी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अश्विनी चौधरी , भाजपा की निवर्तमान महिला मोर्चा अध्यक्ष वंदना पटेल , जिला प्रभारी राजकिशोर । सभी गणमान्यजनों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और अधिक बढ़ाया।नवरात्रि के इस प्रथम दिन का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज को नारी शक्ति के सम्मान और भारतीय संस्कृति की दिव्यता का अनुपम संदेश भी दे गया।