न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
भभुआ शहर के मुख्य मार्ग पर शनिवार को अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। बिजली विभाग के ठेकेदार द्वारा बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) आवास के पास सड़क के एक हिस्से को ब्लॉक कर कार्य शुरू कर दिया गया। अचानक हुए इस कदम से स्कूल बस, एंबुलेंस और आम राहगीर घंटों तक जाम में फंसे रहे।
बिना परमिशन सड़क ब्लॉक
स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली विभाग के कॉन्ट्रैक्टर ने डीडीसी आवास के पास 33,000 वोल्ट की लाइन को अंडरग्राउंड करने का काम शुरू किया था। लेकिन इस दौरान प्रशासन या ट्रैफिक पुलिस से कोई अनुमति नहीं ली गई, जिसकी वजह से शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
यात्रियों की मुश्किलें
जाम के दौरान कई यात्री अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाए। यात्री कमलेश सिंह ने नाराजगी जताई कि अचानक हुए जाम की वजह से उनकी मुगलसराय से पकड़ने वाली ट्रेन छूटने की स्थिति बन गई। वहीं, अनुराग केसरी ने कहा कि बिना परमिशन कार्य कराकर आम जनता को परेशानी में डालना गंभीर लापरवाही है और ऐसे लोगों पर कार्रवाई जरूरी है।
ठेकेदार का पक्ष
कॉन्ट्रैक्टर विजय कुमार सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि यह कार्य डीडीसी आवास पर लगी 33,000 वोल्ट की लाइन को अंडरग्राउंड करने के लिए किया जा रहा है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी बिजली विभाग के एसडीओ इंजीनियर देंगे।
ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई
जाम की सूचना मिलने पर ट्रैफिक डीएसपी विजय कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि एक पत्रकार से उन्हें जानकारी मिली थी कि कैमूर स्तंभ के पास सड़क जाम है। मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि बिना किसी परमिशन के सड़क ब्लॉक कर कार्य किया जा रहा था। उन्होंने तत्काल प्रभाव से कार्य को रुकवाया और यातायात बहाल कराया।
लोगों की नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की मनमानी से पूरे शहर की व्यवस्था बिगड़ जाती है। प्रशासन को चाहिए कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करे ताकि भविष्य में आम जनता को इस तरह की समस्याओं का सामना न करना पड़े।


























