चार दशक बाद भी सरकारी लापरवाही! जगदीशपुर के सौ से अधिक पर्चाधारियों की जमीन म्यूटेशन के नाम पर फंसी

  • पर्चा धारियों ने सीओ से लगाई जमीन के म्यूटेशन की गुहार


न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, जगदीशपुर

करीब चार दशक बीत जाने के बाद भी सौ से अधिक लोगों की जमीन का म्यूटेशन अब तक नहीं हो पाया है। वर्ष 1986 में सरकार द्वारा 365 लोगों को जमीन का पर्चा बांटा गया था। इनमें से अधिकांश लाभुकों ने जमीन पर मकान और खेत तैयार कर लिए, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के कारण अभी तक करीब सौ लाभुकों का नाम रसीद पर दर्ज नहीं हो सका है।
लाभुकों का कहना है कि वे कई बार अंचल कार्यालय का चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। इस वजह से वे न तो अपनी जमीन का कागज अपडेट करा पा रहे हैं और न ही बैंक या सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठा पा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द लंबित म्यूटेशन कार्य को पूरा कराने की मांग की है, ताकि लाभुक अपने जमीन के वैध हकदार बन सकें। सभी पर्चाधारी भागलपुर के सच्चीदा नगर कॉलोनी के निवासी हैं।
वार्ड पार्षद 31 के प्रतिनिधि विकास कुमार ने बताया कि लोगों की जमीन का म्यूटेशन नहीं होने से ये लोग सरकारी योजनाओं और अन्य सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। वहीं, मुखिया और जदयू नेता अजय कुमार राय ने कहा कि इन लोगों को जल्द से जल्द म्यूटेशन कर रसीद जारी की जाए ताकि किसी भी तरह के सरकारी लाभ समय पर मिल सकें।


लाभुकों की मांग है कि प्रशासन इस मामले में त्वरित कदम उठाए और वर्षों से लंबित म्यूटेशन कार्य को पूरा किया जाए।