- किशनगंज में दफ्तरी ग्रुप पर आयकर विभाग की छापेमारी पांचवें दिन भी जारी
न्यूज स्कैन ब्यूरो, किशनगंज
किशनगंज में दफ्तरी ग्रुप के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी पांचवें दिन भी जारी है। शुक्रवार सुबह शुरू हुई यह कार्रवाई अब तक की सबसे बड़ी छापेमारी मानी जा रही है, जिसने जिले के कारोबारी समुदाय में हड़कंप मचा दिया है। आयकर विभाग और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त टीम ने दफ्तरी ग्रुप के प्रमुख उद्योगपति जयकरण दफ्तरी के नेमचंद रोड, भगतटोली, धर्मशाला रोड, पश्चिमपाली और सुभाषपाली समेत 25 से अधिक ठिकानों पर जांच शुरू की थी, जो गुजरात,कोलकाता, सिलीगुड़ी, दालकोला और राजस्थान तक फैली हुई है।
सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी आर्थिक अनियमितताओं और काले धन की जांच के सिलसिले में की जा रही है। आयकर विभाग की 200 से अधिक अधिकारियों की टीम, जिसमें पटना, भागलपुर, रांची और कोलकाता के अधिकारी शामिल हैं, 108 गाड़ियों के काफिले के साथ कार्रवाई में जुटी है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की भारी तैनाती के साथ यह जांच गोपनीय और कड़ी सुरक्षा में चल रही है।
दफ्तरी ग्रुप का कारोबार चाय बागानों, मॉल, कपड़ा, फर्नीचर, निर्माण, होटल और वाहन बिक्री तक फैला हुआ है। सूत्रों का कहना है कि जांच में ग्रुप के कुछ करीबी कारोबारी साझेदारों के ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है। स्थानीय लोगों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा जोरों पर है, लेकिन अधिकारी अभी तक कोई आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं।

आयकर विभाग के सूत्रों ने बताया कि जांच में कई अहम दस्तावेज और साक्ष्य मिले हैं, जो कथित अवैध वित्तीय लेनदेन से जुड़े हो सकते हैं। उद्योगपति राजकरण दफ्तरी जब आयकर विभाग की टीम पूछताछ कर रही थी तब राजकरण दफ्तरी को सीने में दर्द की उसके बाद राजकरण दफ्तरी जमीन पर गिर गया, जिसे तत्काल आयकर विभाग के अधिकारी के द्वारा पश्चिम पाली स्थित एक निजी नर्सिंग होम में ले जाया गया, जहां निजी नर्सिंग होम के चिकित्सक के द्वारा सिलीगुड़ी रेफर कर दिया, जहां उसे सिलीगुड़ी के आस्था नर्सिंग होम में भर्ती करवाया गया।
मालूम हो कि दफ्तरी ग्रुप के परिसरों में बीते चार दिनों से इनकम टैक्स द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। जिसके बाद देर रात दफ्तरी की तबियत खराब हो गई, जिन्हें आनन फानन में सिलीगुड़ी ले जाया गया, जहां वो ICU में भर्ती हैं।
यह कार्रवाई कब तक चलेगी, इसकी कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई गई है। किशनगंज के कारोबारी समुदाय में इस रेड ने अनिश्चितता का माहौल पैदा कर दिया है और लोग आगे की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।



























