सीआरपीएफ इंस्पेक्टर बालकृष्ण शर्मा का सेवानिवृत्ति पर भव्य स्वागत

न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, खगड़िया

गोगरी प्रखंड के फुदकीचक गांव में सोमवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) से सेवानिवृत्त हुए इंस्पेक्टर बालकृष्ण शर्मा का जोरदार स्वागत किया गया।

गांव पहुंचने पर फूलों से सजी गाड़ी पर उन्हें बैठाकर आतिशबाजी और नारेबाजी के बीच जुलूस के साथ घर लाया गया। उनके आगमन पर ग्रामीणों में अपार खुशी देखने को मिली।

परिजनों के अनुसार, 60 वर्षीय बालकृष्ण शर्मा ने लगभग 40 वर्षों तक देश की सेवा की। हाल ही में उन्होंने लेह-लद्दाख में अपनी अंतिम ड्यूटी पूरी की और मोकामा से सेवानिवृत्त होकर गांव लौटे।

ग्रामीणों और युवाओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर सम्मानित किया। मौके पर युवाओं ने कहा कि शर्मा जांबाज़ अधिकारी हैं, जिन्होंने नौकरी के दौरान ही नहीं बल्कि छुट्टियों में भी युवाओं को देशभक्ति और समाज सेवा के लिए प्रेरित किया।

स्वागत समारोह में भावुक होकर बालकृष्ण शर्मा ने कहा—“मैंने सीआरपीएफ में लगभग चार दशक तक सेवा की है। जब भी देश को मेरी जरूरत होगी, मैं फिर सेवा देने को तैयार हूँ। अब सेवानिवृत्ति के बाद गांव के युवाओं को देशभक्ति और जागरूकता के लिए मार्गदर्शन दूँगा।”

परिजनों ने बताया कि बालकृष्ण शर्मा चार भाइयों में से एक हैं और सभी चारों ने सीआरपीएफ में ही सेवा दी है। इनमें से दो भाई पहले ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं, एक भाई वर्तमान में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि सबसे छोटे भाई ड्यूटी के दौरान बीमारी से ग्रसित होकर शहीद हो गए थे।

इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे और पूरा गांव उत्सव के माहौल में सराबोर हो उठा।