मुझे ज़हर खिला दिया है, प्लीज़ इलाज कराइए… कटिहार से भागलपुर तक साजिश, मौत और रहस्य की कहानी

प्रदीप विद्रोही, भागलपुर

जिले के शिवनारायणपुर थाना में रविवार रात अचानक एक अधेड़ व्यक्ति लड़खड़ाते कदमों से पहुंचा। चेहरा पीला, शरीर कांपता हुआ और होंठों से बस एक ही बात – मुझे ज़हर दे दिया गया है… प्लीज़, बचा लीजिए… कुछ घंटे बाद, उसी व्यक्ति – 45 वर्षीय मनोज कुमार मंडल – की मौत हो गई। और पीछे छूट गया एक ऐसा रहस्य, जिसने पुलिस, परिजन और पूरे गांव को चौंका दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र के बतिया दियारा निवासी मनोज एक सप्ताह से लापता था। अचानक रविवार रात वह शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र में बेसुध हालत में मिला। पुलिस ने डायल 112 की मदद से कहलगांव अस्पताल पहुंचाया, फिर जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया – लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।


मौत से पहले मनोज ने बताया – उसे झारखंड के साहेबगंज में ज़हरीली गोली दी गई। शरीर पर मारपीट के निशान, शर्ट पर खून के धब्बे, और भाई पंकज का आरोप कि उसे कोल्ड ड्रिंक में ज़हर देकर मारा गया।

तीन महीने पहले पत्नी लापता, अब खुद की संदिग्ध मौत

मामला यहीं खत्म नहीं होता। मनोज की पत्नी किरण देवी 25 मई को खेत की ओर जाने के बाद रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई थीं। तीन महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। गांव में कुछ लोगों ने एक महिला पर शक जताया, लेकिन सबूत न मिलने पर मामला ठंडे बस्ते में चला गया।

दो दिन पहले ‘दूसरी पत्नी’ पहुंची घर – नई परत खुली

मौत से ठीक दो दिन पहले एक नई कहानी शुरू हुई। एक महिला घर पहुंची और दावा किया – मैं मनोज की पत्नी हूं। उसने मुझसे बच्चों की देखभाल के लिए शादी की है। महिला ने अपना नाम अंजली बताया और कहा कि वह समस्तीपुर की रहने वाली है। उसने यह भी कहा -मनोज ने बताया कि उसकी पहली पत्नी की हत्या गांव की एक महिला ने की है। वही अब उसे भी मारना चाहती है।

ट्रेन टिकट, संदिग्ध नाम, और गहराता संदेह

मनोज के बैग से जो टिकट बरामद हुए हैं, वे एक नई कहानी बताते हैं। दिल्ली से हरिद्वार, बढ़हरवा से साहेबगंज और मिर्जाचौकी – सफर लंबा था, और साथी कोई और था। एक टिकट पर गांव के ही दिलीप मंडल का नाम और नंबर लिखा है। परिजनों को अब यकीन है – यह सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि एक साजिश है, जिसमें मनोज और किरण दोनों शिकार बने।

पुलिस जांच में जुटी, हत्या की एफआईआर की तैयारी

शिवनारायणपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि रविवार रात मनोज खुद थाना आया था। उसने कहा कि उसे जहर दिया गया है। तुरंत अस्पताल भेजा गया। अब परिजन की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

क्या यह डबल मर्डर मिस्ट्री है? या कुछ और?

मनोज की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।किरण देवी की गुमशुदगी और मनोज की मौत जुड़ी हैं क्या।अंजली’ कौन है और सच क्या है। गांव की वह महिला कौन है, जिसका बार-बार ज़िक्र हो रहा है।पुलिस की जांच जारी है। लेकिन गांव के लोग अब बस एक ही बात कह रहे हैं – सच जो भी हो… बहुत डरावना है।