कैमूर के चैनपुर में एनडीए विधानसभा सम्मेलन, सीट बंटवारे को लेकर अटकलें तेज

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में कैमूर जिले के चैनपुर में एनडीए का विधानसभा सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बिहार सरकार के मंत्री रत्नेश सदा, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री एवं स्थानीय विधायक जमा खान, सांसद लवली आनंद सहित एनडीए के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।

हालांकि इस सम्मेलन में भाजपा के मंत्री संतोष सिंह, भभुआ से भाजपा विधायक भरत बिंद, मोहनिया से भाजपा विधायक संगीता कुमारी और स्थानीय पूर्व मंत्री अनुपस्थित रहे। उनके न आने को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि अंदरखाने एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। सूत्रों के मुताबिक, चैनपुर सीट जदयू अपने खाते में रखना चाहता है जबकि भाजपा इस सीट को छोड़ने के मूड में नहीं है। पिछली बार भाजपा के बृज किशोर बिंद यहां से चुनाव लड़े थे, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

सम्मेलन में मंत्री रत्नेश सदा ने महागठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “महागठबंधन पिछड़ा समाज का विरोधी है और ये लोग कभी भी इस समाज का विकास नहीं चाहते।” उन्होंने खुले मंच से एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांगा।

वहीं, मंत्री जमा खान ने चैनपुर में हुए विकास कार्यों को गिनाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आवासीय विद्यालय, किसानों के लिए पानी की सुविधा और सड़क निर्माण जैसे कार्य हुए हैं, जो पहले कभी नहीं हुए थे।