- राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर किया तीखा हमला
न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
वोटर अधिकार यात्रा के तहत लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मंगलवार को सुपौल पहुंचे। शहर के हुसैन चौक पर उन्होंने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं, किसानों और छोटे व्यापारियों के रास्ते एक-एक कर बंद कर दिए गए हैं। कहा कि संविधान बाबा साहेब आंबेडकर, महात्मा गांधी, नेहरू, पटेल और सुभाष चंद्र बोस जैसे महान नेताओं के त्याग और बलिदान से बना है। सभा में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग पर भी आरोप लगाते हुए कहा, महाराष्ट्र और हरियाणा में जनता का वोट चोरी किया गया। अब बिहार में भी कोशिश की जा रही है, लेकिन बिहार की जनता अपना वोट चोरी नहीं होने देगी
कोसी की धरती पर प्रियंका गांधी का आगमन, देखने उमड़ा जनसैलाब- छतों से लेकर गलियों तक, प्रियंका की एक झलक के लिए उमड़ी भीड़
वोट अधिकार यात्रा के दौरान मंगलवार को कोसी की धरती ने ऐतिहासिक पल देखा, जब कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पहली बार यहां पहुंचीं।उनके आगमन की खबर लगते ही हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं अपने घरों की छतों पर चढ़कर प्रियंका गांधी की एक झलक पाने को बेताब नजर आईं, वहीं पुरुष और युवा सड़कों पर कतारबद्ध खड़े होकर उनका स्वागत करने पहुंचे। प्रियंका गांधी का काफिला जैसे ही पहुंचा, नारों और तालियों की गूंज से पूरा इलाका गूंज उठा। फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया गया और समर्थकों ने जगह-जगह जमकर उत्साह दिखाया। खासकर ग्रामीण इलाकों से आई महिलाएं अपने बच्चों के साथ घंटों से इंतजार करती रहीं, ताकि प्रियंका को करीब से देख सकें। प्रियंका गांधी के इस दौरे ने इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज कर दी है। पहली बार कोसी पहुंची प्रियंका गांधी का जोश और जनता का उत्साह साफ बता रहा था कि यह यात्रा आने वाले दिनों की राजनीति में खास मायने रखने वाली है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के आगमन पर शहर की गलियां और चौक-चौराहे जनसैलाब में बदल गए लोग अपने घरों और दुकानों की छतों से नेताओं की झलक पाने को उतावले दिखे। काफिले के गुजरते ही हाथ हिलाकर स्वागत, मोबाइल कैमरों से तस्वीरें और वीडियो, और नारों की गूंज ने माहौल को उत्सव में बदल दिया। पूरे शहर में ऐसा जोश और माहौल था मानो कोई बड़ा पर्व मनाया जा रहा हो. राहुल और प्रियंका गांधी की मौजूदगी ने न केवल कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया बल्कि आम लोगों में भी लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया.

उमड़ा जनसैलाब, राहुल-प्रियंका संग महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा में जोश
मंगलवार को पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया। महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा ने यहां चुनावी सरगर्मी तेज कर दी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ तेलंगाना के मुख्यमंत्री देवेंद्र रेड्डी, बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, भाकपा माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी, राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन समेत कई बड़े नेता सुपौल पहुंचे। इस दौरान सांसद रंजीत रंजन, पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव सहित अन्य नेता भी मौजूद थे।
हुसैन चौक से यात्रा का शुभारंभ
सुबह 9 बजे जिला मुख्यालय स्थित हुसैन चौक से यात्रा की शुरुआत होते ही माहौल उत्साह से भर गया। नेताओं के काफिले का स्वागत करने हजारों कार्यकर्ता और समर्थक बैनर, पोस्टर और झंडों के साथ उमड़ पड़े। गगनभेदी नारों के बीच नेताओं ने जनता से अपील की कि लोकतंत्र की असली ताकत वोट है, इसे किसी कीमत पर छीना नहीं जाने देंगे।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने सड़क के विभिन्न मुहानों और प्रवेश स्थलों पर बैरियर लगाए थे। दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती कर वाहनों व बाइक की आवाजाही को नियंत्रित किया गया।वहीं ब्रह्मस्थान पास मछली हाट को भी पूरी तरह बंद रखा गया। भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा।
शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया था. चौक-चौराहों पर बैरिकेडिंग, जगह-जगह पुलिस व अर्धसैनिक बल की तैनाती और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई।किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए विशेष कंट्रोल रूम भी बनाया गया।
जनता का उत्साह बना आकर्षण
सुबह से ही गांव-गांव से लोग यात्रा में शामिल होने पहुंचे। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भारी मौजूदगी ने कार्यक्रम को जनआंदोलन का रूप दे दिया। जगह-जगह नेताओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान वोट हमारा अधिकार है और लोकतंत्र बचाओ जैसे नारे गूंजते रहे।
हेलीकॉप्टर से पहुंचे कांग्रेस नेता
मंगलवार को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और रेवंत रेड्डी हेलीकॉप्टर से आईटीआई मैदान स्थित हेलीपैड पर उतरे। वहीं तेजस्वी यादव, दीपांकर भट्टाचार्य और मुकेश सहनी सड़क मार्ग से पहले ही सुपौल पहुंच गए थे। हेलीपैड पर कांग्रेस नेताओं का स्वागत करने के बाद सभी नेता एक साथ वाहन में सवार हुए। हेलीपैड से निकला काफिला भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोहियानगर, नयानगर होते हुसैन चौक पहुंचा। यहीं से खुली गाड़ी में रोड शो की शुरुआत हुई। इस दौरान महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने नेताओं पर फूलों की बारिश की और पूरे रास्ते जयकारे लगाते रहे। रोड शो का शहर में लगभग 4 किलोमीटर लंबा रूट था, जो हुसैन चौक से मल्लिक चौक, महावीर चौक, गांधी मैदान रोड, लोहियानगर चौक होते हुए डिग्री चौक तक गया।
इसके बाद राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का काफिला जिले के सिसोनी, किशनपुर, सरायगढ़, कोसी महासेतु, भुतहा चौक होते हुए मधुबनी जिले में प्रवेश कर गया। कुल मिलाकर यह रोड शो 45 किलोमीटर लंबा था।
चार घंटे बिजली रही बाधित
रोड शो को लेकर शहर में मंगलवार सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। उमस भरी गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. बिजली कटौती से छोटे उद्योग-व्यापार भी प्रभावित हुए और कार्यालय जाने वाले लोगों की दिनचर्या बाधित हो गई।


























