न्यूज स्कैन ब्यूरो, कटिहार
सोमवार को बिहार सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. राम प्रकाश महतो ने कटिहार के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मुलाकात कर मई माह के आखिरी सप्ताह में बंद की गई सड़कों को फिर से खोलने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
अपने ज्ञापन में डॉ. महतो ने बताया कि रेलवे अधिकारियों द्वारा बांग्ला क्वार्टर के दक्षिण और उत्तर को जोड़ने वाली सभी सड़कों को दीवार बनाकर बंद कर दिया गया है। ये मार्ग रेलवे स्थापना काल से ही स्थानीय लोगों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डीआरएम कार्यालय से केंद्रीय विद्यालय साहबपड़ा होते हुए लंगड़ा बागान, तेजा टोला, महिपाल नगर, मिर्चाईवारी, समाहरणालय और व्यवहार न्यायालय तक जाने वाली सड़क लंबे समय से लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता रही है। इस मार्ग का उपयोग आसपास के मुहल्लों के नागरिक और रेलकर्मी स्टेट बैंक शाखा, सिल्वर वेल्स प्राइमरी स्कूल सहित अन्य मुख्य स्थानों तक पहुंचने के लिए करते हैं।
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि मई के अंतिम सप्ताह में इन सड़कों को बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक बंद कर दिया गया, जिससे आम जनता को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी माह में कई प्रमुख पूजा-पर्वों का आयोजन इन्हीं क्षेत्रों में होना है और सड़क बंद रहने से स्थानीय लोगों को बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
डॉ. महतो ने डीआरएम से आग्रह किया कि नई बनी दीवार को तुरंत तोड़कर सड़क को पूर्व की तरह आम आवागमन के लिए खोल दिया जाए।
इस मौके पर बासु लाल, अनुप कुमार शर्मा, असीम भौमिक, बिनोद कुमार साह, अजित हेम्ब्रम सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।



























