भागलपुर में दिखा रहस्यमय जानवर, 6 लोग घायल – दहशत में ग्रामीण

प्रदीप विद्रोही, भागलपुर

भागलपुर के साहिबगंज क्षेत्र में एक अजीबो-गरीब जानवर के देखे जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। अब तक इस रहस्यमय जानवर ने 6 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिससे पूरे गांव में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग घरों से निकलने से कतरा रहे हैं और प्रशासन से सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। इसके पूर्व घड़ियाल ने भी कई लोगों को घायल कर चुका है।

रात के अंधेरे में मचाई तबाही

जानकारी के अनुसार, यह जानवर बीते दो रातों से साहिबगंज और आसपास के इलाकों में दिखाई दे रहा है। चश्मदीदों के मुताबिक, उसका आकार किसी बड़े कुत्ते से भी बड़ा है, लेकिन उसका चेहरा और चाल सामान्य पशु से मेल नहीं खाती। ग्रामीणों का कहना है कि यह जानवर तेज गति से चलता है, लंबी छलांग लगाता है, और इसकी आंखें रात में चमकती हैं।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हमले में घायल हुए 6 लोगों को स्थानीय भागलपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ितों ने बताया कि जानवर ने बिना किसी उकसावे के हमला किया, और शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर गंभीर जख्म दिए।

ग्रामीणों में डर, रात को पहरा

घटनाओं के बाद गांव के लोग भयभीत हैं। कई ग्रामीणों ने रात के समय पहरा देना शुरू कर दिया है। महिलाओं और बच्चों को घरों से बाहर निकलने पर रोक दी गई है। किसानों ने खेतों में जाना भी बंद कर दिया है।

प्रशासन और वन विभाग अलर्ट पर

मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। अधिकारियों ने इलाके में कांबिंग शुरू कर दी है और ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। वन विभाग की ओर से कहा गया है कि जानवर की पहचान की कोशिश की जा रही है – यह कोई जंगली जानवर हो सकता है जो इस भीषण बाढ़ में भटककर गांव की ओर आ गया हो।

डर और रहस्य बरकरार

हालांकि जानवर का अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है, लेकिन लगातार हो रहे हमलों और डरावने विवरणों ने इसे ‘रहस्यमय प्राणी’ बना दिया है। कुछ लोग इसे तेंदुए जैसा बता रहे हैं, तो कुछ ने इसे किसी अनजाने जीव के रूप में देखा है।

गांव के बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी ऐसा जानवर नहीं देखा, और वे प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि लोगों को राहत मिल सके।