न्यूज स्कैन ब्यूरो, जमुई
जिले के खैरा थाना क्षेत्र के कागेश्वर पंचायत के टोहिया गांव में मंगलवार की सुबह एक किसान की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बमबम साव 52 साल पिता रघु साव के रूप में की गई है। इस घटना से गांव और परिवार में मातम पसर गया है।
जानकारी के अनुसार, किसान बमबम साव धान की रोपाई के लिए मजदूरों की खोज में मँझगाय इलाके की महादलित बस्ती गए हुए थे। मजदूर ढूंढने के बाद लौटते समय मँझगाय नदी पार करने लगे। नदी का बहाव तेज था और पानी गहरा था। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे डूब गए। जब तीन घंटे तक वे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और खोजबीन शुरू की गई।
इसी बीच राहगीरों ने नदी में किसी व्यक्ति के डूबने की सूचना गांव के लोगों को दी। खबर मिलते ही कागेश्वर पंचायत के मुखिया पति जयद्रथ राम और सरपंच वीरेश राम मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर काफी देर तक तलाश की गई। इसी दौरान सूचना मिली कि लगभग पांच किलोमीटर दूर गमरिहीया घाट के पास एक शव दिखाई दिया है। तेज बहाव के कारण बमबम साव का शव वहां तक बहकर पहुंच गया था।
स्थानीय लोगों ने शव को बाहर निकाला और खैरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इधर, घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी और बच्चे का रो रो कर बुरा हाल है।मुखिया ने तत्काल कबीर अंत्येष्टि योजना से तीन हजार रुपये की सहायता राशि परिजनों को दी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की है।