कॉ. शशि भूषण प्रसाद सिंह का निधन, मजदूर आंदोलन को अपूरणीय क्षति

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भा.क.पा.) और एटक के वरिष्ठ नेता कॉमरेड शशि भूषण प्रसाद सिंह का निधन 2 अगस्त को सुबह 9 बजे देवघर स्थित उनके निवास पर हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

उनके निधन पर भाकपा बिहार राज्य कार्यकारिणी सदस्य डॉ. सुधीर शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि “कॉ. शशि भूषण प्रसाद सिंह पार्टी के प्रतिबद्ध नेता थे। उन्होंने जीवन भर श्रमिक वर्ग के अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष किया। उनका जाना मजदूर आंदोलन के लिए गहरी क्षति है।”

इस दौरान बताया गया कि वे भा.क.पा. भागलपुर जिला कार्यकारिणी के सदस्य और पूर्व कोषाध्यक्ष रह चुके थे। साथ ही वे मूलतः एक सक्रिय ट्रेड यूनियन लीडर थे और एटक भागलपुर के जिला उपाध्यक्ष के रूप में लंबे समय तक काम किया।

कॉ. शशि भूषण प्रसाद सिंह ने बिजली मजदूरों के बीच विशिष्ट पहचान बनाई थी। वे बिहार स्टेट इलेक्ट्रिक सप्लाई वर्कर्स यूनियन के राज्य सचिव और भागलपुर अंचल के वर्षों तक अंचल सचिव भी रहे। उन्होंने संपूर्ण जीवन मजदूर हितों की रक्षा और संगठन निर्माण में लगाया।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, भागलपुर जिला इकाई ने अपने शोक संदेश में कहा कि “कॉ. शशि भूषण सिंह का निधन न केवल एक कार्यकर्ता की, बल्कि एक विचारधारा, एक संघर्षशील चेतना की क्षति है। उनका स्थान कोई नहीं भर सकता।”

इन लोगों ने जताया शोक

कॉ. शशि भूषण सिंह के निधन पर कई राजनीतिक, सामाजिक और श्रमिक संगठनों के नेताओं ने शोक जताया है। कॉ. देव कुमार यादव, भाजपा भागलपुर जिला सचिव, बिहार स्टेट इलेक्ट्रिक सप्लाई वर्कर्स यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष महावीर प्रसाद सिंह, छांगुर राम, वी. एन. द्विवेदी, उदयकांत झा, मनोहर शर्मा, अभिमन्यु मंडल, सचिन कुमार, गणेश सिंह, आदित्य राज, संतोष कुमार, अनिता शर्मा, भोला यादव ने शोक जताया।